समीर विश्नाेई की दीपावली ईडी की हिरासत में मनेगी, काेर्ट ने 6 दिन की रिमांड बढ़ाई

रायपुर(realtimes) चिप्स के पूर्व सीईओ आईएएस समीर विश्नोई की दीपावली अब ईडी की हिरासत में मनेगी। आज ईडी ने उनकाे कोर्ट में पेश किया। दोनों पक्षों में सुनवाई के बाद कोर्ट ने समीर की 6 दिन की रिमांड बढ़ाने का आदेश दे दिया हैं। कोर्ट में समीर के अलावा दो और कारोबारियों सुनील अग्रवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी को भी पेश किया गया।
काेर्ट में अफसर की 6 दिन कस्टडी की मांग की गई थी। जिसका उनके वकीलाें ने विरोध किया है। विश्नोई पिछले 8 दिनों से ईडी की रिमांड में थे। समीर विश्नोई को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में गिरफ्तार किया है। इनके साथ कारोबारी सुनील अग्रवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी को भी पकड़ा गया था।
ईडी के वकील बृजेश मिश्रा ने बताया कि कोर्ट ने 6 दिन की रिमांड और दी है। तीनों अभियुक्त समीर विश्नोई, कारोबारी सुनील अग्रवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी को 27 अक्टूबर तक ईडी अपनी हिरासत में रखकर पूछताछ करेगी। 27 अक्टूबर की दोपहर 2 बजे दोबारा तीनों को पेश किया जाएगा। अफसर और कारोबारियों की तरफ से आए वकीलों ने अदालत से परिजनों को मिलने दिए जाने की मांग की थी। अदालत ने इसे स्वीकार कर लिया। अब तीनों के परिजन शाम को 45 मिनट तक मुलाकात कर पाएंगे।



