छत्तीसगढ़ में बर्ड फ्लू का अलर्ट, रायगढ़ में पांच हजार मुर्गियां और 12 हजार चूज़े मारकर दफनाए गए - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ में बर्ड फ्लू का अलर्ट, रायगढ़ में पांच हजार मुर्गियां और 12 हजार चूज़े मारकर दफनाए गए

रायगढ़ स्थित एक सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का मामला आने के बाद जिला प्रशासन ने करीब पांच हजार मुर्गियां और 12 हजार चूजों को मारकर दफना दिया है।

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू H5N1 की पुष्टि हुई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए फॉर्म के 5 हजार मुर्गियों, 12 हजार चूजों को मारकर दफनाया गया। साथ ही 17 हजार अंडों को भी नष्ट कर दिया गया। वहीं, इलाके में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। 

पशुपालन विभाग, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से यह ऑपरेशन चलाया। पोल्ट्री फार्म के एक किलोमीटर के क्षेत्र को ‘इंफेक्टेड जोन’ और 10 किलोमीटर के क्षेत्र को ‘सर्विलांस जोन’ घोषित किया गया है। साथ ही इलाके में मुर्गी और अंडे की बिक्री को प्रतिबंधित कर दिया गया है। टीम डोर-टू-डोर सर्वे शुरू कर रही है और चिकन सेंटर को बंद करवाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने रात 11 बजे आपातकालीन बैठक बुलाई थी। डेढ़ घंटों के भीतर एसपी, सीईओ, नगर निगम आयुक्त समेत पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ मीटिंग की। बैठक में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पोल्ट्री फार्म की सारी मुर्गियों, चूजों, अंडों और कुक्कट आहार को तुरंत नष्ट करने का फैसला लिया गया। फिर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और देर रात मुर्गियों- चूजों को मारकर जमीन में दफनाया गया। इसी तरह अंडों को भी नष्ट किया गया और परिसर को भी संक्रमण मुक्त करने के लिए डिसइन्फेक्शन किया गया। 

भारत सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार बर्ड फ्लू की स्थिति में 10 किमी इन्फेक्टेड जोन में कुक्कुट, अंडे औक कुक्कट आहार से संबंधित आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित होगी। इसके अलावा सर्विलांस जोन में पोल्ट्री फार्म और चिकन सेंटर को पूरी तरह बंद रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button