विधानसभा का मॉनसून सत्र आज से, भाजपा लाएगी अविश्वास प्रस्ताव - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

विधानसभा का मॉनसून सत्र आज से, भाजपा लाएगी अविश्वास प्रस्ताव

रायपुर(realtimes) विधानसभा का मानसून सत्र आज से प्रारंभ हो रहा है। यह सत्र भारी हंगामाखेज होने वाला है। इस सत्र में जहां राज्य सरकार अनुपूरक बजट पेश करेगी, वहीं विपक्षी दल भाजपा ने अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला किया है। इसकी सूचना पहले ही विधानसभा अध्यक्ष काे दी जा चुकी है। 

विस सत्र के पहले दिन के बाद दोपहर को 12.30 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक एकात्म परिसर में होगी। इसमें प्रदेश सरकार को घेरने की रणनीति बनेगी। नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है, हमारे पास मुद्दों की कमी नहीं है, लेकिन सत्र में समय की कमी जरूर है। कांग्रेस सरकार हमेशा से चर्चा से भागने का काम करती है। इस सत्र को कम से कम दस दिनों का किया जाना था, लेकिन महज चार दिनों का किया गया है। हमने अविश्वास प्रस्ताव भी दिया है।
कांग्रेस सरकार का संभवत: यह अंतिम विधानसभा सत्र है। पहला दिन तो यूं ही दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने में निकल जाएगा। सत्र जैसे ही समाप्त होगा, भाजपा के सभी विधायक भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में एकत्रित होंगे।, जहां पर विधायक दल की बैठक होगी। इसमें भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव और संगठन महामंत्री पवन साय भी शामिल होंगे।
भ्रष्टाचार और घाेटाले बड़ा मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है हमारे पास मुद्दों की कोई कमी नहीं है। सबसे बड़ा मुद्दा तो भ्रष्टाचार का। इस सरकार के संरक्षण में दो हजार करोड़ से ज्यादा का शराब घोटाला हुआ है। इसी के साथ और कई घोटाले हैं, पीएससी घोटाला भी बड़ा है। इस सरकार में शराब माफिया के साथ रेत माफिया, कोल माफिया, जमीन माफिया सहित कई तरह के माफिया सक्रिय हैं। इन सबको  सरकार संरक्षण दे रही है। इस सरकार ने अपना कोई वादा भी नहीं निभाया है। संविदा कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है, रसोईया संघ की हड़ताल चल रही है। नियमितीकरण का मामला है। शराबबंदी का मामला है। मामले और मुद्दे इतने ज्यादा हैं कि चार दिनों के सत्र में इन पर चर्चा संभव नहीं है। यह सरकार जानती है कि उसके खिलाफ मुद्दों और मामलों की भरमार है, यही वजह है कि चर्चा से भागने के लिए सत्र को छोटा किया गया है। इस छोटे सत्र में ही जितने ज्यादा से ज्यादा मामले होंगे, हम उठाने का काम करेंगे। इसी के साथ सरकार के खिलाफ हमने अविश्वास प्रस्ताव भी रखा है। अब देखना है इस पर चर्चा करने की मंजूरी विधानसभा अध्यक्ष कब देते हैं।

Related Articles

Back to top button