बाजार में बरसेगा जमकर धन, धनतेरस के पहले दिन हजार करोड़ का कारोबार, आज हाेगा डबल - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बाजार में बरसेगा जमकर धन, धनतेरस के पहले दिन हजार करोड़ का कारोबार, आज हाेगा डबल

रायपुर(realtimes) दीपावली से पहले इस साल धनतेरस दाे दिन होने के कारण कारोबारियों की चांदी हो गई है। धनतेरस में पहले दिन राजधानी के साथ पूरे प्रदेश के शहरों में सारे बाजार गुलजार रहे। एक ही दिन में हजार करोड़ से ज्यादा का धन बाजारों में बरसा है। दूसरे दिन यानी आज इससे डबल खरीदारी होने की संभावना है। बरसों बाद दो दिनों की पड़ रही धनतेरस में तीन हजार करोड़ से ज्यादा की खरीदारी होने की अनुमान है।

धनतेरस को लेकर काफी समय से स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी, लेकिन बाद में पंडितों ने अंतत: इसकाे दो दिनों की घोषित किया। इसका सबसे बड़ा फायदा बाजार को हुआ है। पहले एक ही दिन की धनतेरस होने की वजह से बाजार में जहां ज्यादा भीड़ हो जाती थी, वहीं कारोबारी भी ग्राहकों को संभाल नहीं पाते थे, लेकिन दो दिनों की धनतेरस होने के कारण ग्राहक दो दिनों में बंट गए हैं तो कारोबारियों को इससे सहूलियत हो गई है। पहले दिन शनिवार को हर सेक्टर में जमकर खरीदारी हुई है। एक अनुमान के मुताबिक दो दिनों में तीन हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार पूरे प्रदेश में होना है। इसमें से 30 से 35 फीसदी कारोबार हजार करोड़ से ज्यादा का शनिवार को हुआ है। बाकी का कारोबार रविवार को होगा।

 25 हजार वाहन बिक्री का अनुमान

धनतेरस के पहले ही प्रदेश में दस हजार से ज्यादा बाइक और हजार से ज्यादा कारों की बुकिंग हो गई। ज्यादातर लोगों ने रविवार के लिए अपने वाहन बुक कराए हैं, क्योंकि एक बड़ा वर्ग शनिवार को लोहे की खरीदी से परहेज करता है, लेकिन इसके बाद भी शनिवार को पूरे प्रदेश में 6 से 8 हजार बिके हैं। जीके होंडा के पुनीत पारवानी के मुताबिक दो दिनों में 25 हजार वाहन पूरे प्रदेश में बिकने की संभावना है। इसमें 22 हजार के आसपास दो पहिया, चार पहिया और कमर्शियल वाहन होंगे। कुल मिलाकर हजार करोड़ के आसपास कारोबार होगा।

सराफा में आज भी रहेगी रौनक

धनतेरस पर सोने और चांदी की खरीदी शुभ मानी जाती है। शुभ मुहूर्त पर सुबह से रात तक सराफा बाजार में खरीदारी होती है। इस बार दो दिनों तक धनतेरस होने के कारण दो दिनों तक जमकर खरीदारी हाेगी। पहले दिन शनिवार को दिन में तो कम खरीदारी हुई, लेकिन शाम को शुभ मुहूर्त के बाद रात तक सराफा बाजार में रौनक रही। रविवार को दिन भर मुहूर्त होने के कारण ज्यादा खरीदारी होगी। पिछले साल सराफा बाजार में छह सौ करोड़ का कारोबार पूरे राज्य में हुआ था। इस बार यह आंकड़ा 800 करोड़ तक जाने की संभावना है। इसमें से पूरे प्रदेश में करीब तीन सौ करोड़ का कारोबार शनिवार को हो गया है।

इलेक्ट्राॅनिक्स-मोबाइल बाजार में भी भीड़

मोबाइल और इलेक्ट्राॅनिक्स बाजार में भी लाेग अपनी पसंद के मोबाइल और इलेक्ट्राॅनिक्स सामानों की दो दिनों तक जमकर खरीदारी करेंगे। पहले दिन मोबाइल दुकानों के साथ इलेक्ट्रानिक बाजार में भी भारी भीड़ रही। लाेगों ने अपनी पसंद की एलईडी, फ्रिज, वाॅशिंग मशीन, एसी, इलेक्ट्राॅनिक चिमनी, ओवन, लैपटॉप, कंप्यूटर, होम थिटेयर के कई तरह के आइटम बिके। मोबाइल बाजार में भी रौनक रही। लोगों ने अपनी पंसद के अलग-अलग मॉडल के दस हजार रुपए से लेकर एक लाख रुपए तक के मोबाइल खरीदे।

मकान-प्लाट भी बिकेंगे

रीयल एस्टेट में नवरात्रि और पुष्य नक्षत्र के बाद धनतेरस पर भी थोक में मकान बिकने प्रारंभ हुए हैं। शनिवार को पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में मकान और प्लाट बिके हैं। अब रविवार को भी जमकर कारोबार होगा। बिल्डरों के मुताबिक पूरे प्रदेश में दो दिनों में छह सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार हो जाएगा।

बर्तन, फर्नीचार बाजार भी गुलजार

धनतेरस पर सोने-चांदी के साथ बर्तनों की खरीदी भी शुभ मानी जाती है। गरीब तबके के साथ मध्यम वर्ग भी इसकी खरीदारी करता है। लोगों ने अपनी सुविधा के मुताबिक रात तक खरीदारी की है। मोहल्लों की दुकान से लेकर बाजार में रात तक भारी भीड़ रही और लोगों ने जमकर खरीदारी की। बर्तनों के साथ फर्नीचर दुकानों में भी खरीदारों की भीड़ रही और फर्नीचर की भी जमकर बिक्री हुई।

Related Articles

Back to top button