केंद्रीय मंत्री शाह आज कांग्रेस सरकार की नाकामियों पर जारी करेंगे आरोप पत्र - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

केंद्रीय मंत्री शाह आज कांग्रेस सरकार की नाकामियों पर जारी करेंगे आरोप पत्र

रायपुर(realtimes) प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर नाकामियाें के आरोप के साथ ही  आज सुबह काे 11 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आरोप पत्र जारी करेंगे। प्रदेश भाजपा की आरोप पत्र समिति ने करीब सौ बिंदुओं में आरोप पत्र बनाकर राष्ट्रीय संगठन को सौंपा था। इसको अंतिम रूप देकर एक निजी एजेंसी के माध्यम से इसका प्रकाशन दिल्ली में करवाया गया है। इस आरोप पत्र को लेकर अमित शाह दिल्ली से आए हैं।
प्रदेश में चुनावी बिसात बिछ चुकी है और भाजपा के साथ कांग्रेस भी पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। भाजपा ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने के बाद जहां दूसरी सूची जारी करने की पूरी तैयारी कर ली है, वहीं प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप पत्र भी बनाया है। इसके पहले भाजपा ने एक 109 बिंदुओं का आरोप पत्र विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव के समय रखा था। लेकिन अब एक और आरोप पत्र बनाया गया है, यह आरोप पत्र उस आरोप पत्र से अलग है।
आरोप पत्र में इन बिंदुओं पर फोकस
भाजपा का जो आरोप पत्र बनाया गया है, उसके बारे में भाजपा के प्रदेश के नेता खुलकर कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं हैं। सबका कहना है, इसको बनाने का काम हमने नहीं खुद अमित शाह ने किया है। यहां की आरोप पत्र समिति ने महज उनको रफ आरोप तैयार करके दिए हैं। अब इन आरोपों में से किन-किन आरोपों को आरोप पत्र की बुकलेट में स्थान दिया है, इसकी जानकारी नहीं है। भाजपा के सूत्रों की मानें तो भाजपा ने कांग्रेस सरकार के हर विभाग की नाकामियों को आरोप पत्र में लिया है। इसी के साथ चुनाव से पहले किए गए वादों में से उन वादों को शामिल किया गया है जो पूरे नहीं हुए हैं। सबसे अहम प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रदेश के 16 लाख से ज्यादा का वंचित होना, किसान सम्मान निधि से प्रदेश के लाखों किसानों का वंचित होना, धान खरीदी में गड़बड़ी, बेरोजगारी भत्ता, शराबबंदी, शराब घोटाले से लेकर गोठान घोटाला, गोबर घोटाला, पांच हजार करोड़ का चावल घोटाला, आबकारी सेस घोटाला, कोल घोटाला, आयुष्मान योजना, केंद्र सरकार की कई योजनाओं को राज्य में बाधित करना, जल जीवन मिशन, डीएमएफ फंड में गड़बड़ी, धर्मांतरण, कानून व्यवस्था, किसानों की आत्महत्या और भ्रष्टाचार के बड़े मुद्दे सहित कई और बिंदुओं को आरोप पत्र में शामिल किया गया है।
ये रहेंगे कार्यक्रम में
कार्यक्रम में अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, आरोप पत्र समिति के अध्यक्ष अजय चंद्राकर, प्रेमप्रकाश पांडेय, ओपी चौधरी, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, सांसद सुनील सोनी, संतोष पांडेय, विजय बघेल, विधायक बृजमोहन अग्रवाल सहित प्रदेश संगठन के पदाधिकारी, सांसद, विधायक उपस्थित रहेंगे।

Related Articles

Back to top button