राहुल गांधी आज नया रायपुर में युवाओं से करेंगे भेंट मुलाकात

रायपुर(realtimes) प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने भी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ताधारी कांग्रेस ने भी अभी से पूरी ताकत झोंकने का काम प्रारंभ कर दिया है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की आज यहां आ रहे हैं। वे नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में विशाल राजीव युवा मितान सम्मेलन में प्रदेश भर के युवाओं के साथ भेंट मुलाकात करेंगे। कांग्रेस ने इस सम्मेलन में डेढ़ लाख से अधिक युवाओं के शामिल होने का दावा किया है। सम्मेलन को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी कुमारा सैलजा, प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश के कई मंत्री और कांग्रेस के नेता शामिल होंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी विशेष रूप से सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान राजीव युवा मितान क्लब, युवा किसान और छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर युवा अपने अनुभव भी शेयर करेंगे। नवा रायपुर के मेला ग्राउंड पर दोपहर 1 बजे आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस की ओर से प्रदेश के 13269 राजीव युवा मितान क्लब के युवाओं के अलावा जिला कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी सम्मेलन में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप-मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव, सप्तगिरीशंकर उल्का, सह-प्रभारी विजय जांगिड़, मंत्री एवं प्रदेश के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।
यह है राहुल का कार्यक्रम
राहुल गांधी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम आया है, उसके मुताबिक श्री गांधी दिल्ली से रायपुर दाेपहर काे 1.45 बजे पहुंचेंगे। जाएंगे। विमानतल से सीधे मेला ग्राउंड के लिए रवाना होंगे। वहां पर दाे बजे से होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम काे चार बजे वहीं पर बैठक लेंगे। इसके बाद वापस दिल्ली लौट जाएंगे।



