भाजपा प्रदेश प्रभारी माथुर का इसी माह बस्तर का दौरा

रायपुर . भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर का तीन बार बस्तर का दौरा टलने के बाद इस माह के अंत में दौरा हाेगा। 24 से 28 अप्रैल के बीच कभी भी उनका दौरा हाे सकता है। इसको लेकर अभी तारीख तय नहीं है, लेकिन जल्द ही तारीख तय हो जाएगी। बस्तर संभाग के जिलों के पदाधिकारियों की क्लास लेकर प्रदेश प्रभारी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तय करेंगे। बस्तर में इस समय भाजपा का एक भी विधायक नहीं है। भाजपा इस बार चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की रणनीति पर काम करेगी। यही वजह है कि भाजपा का बड़ा फोकस बस्तर पर है। बस्तर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभा भी हो चुकी है।
भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर प्रभारी की कमान संभालने के बाद प्रदेश संगठन काे मजबूत करने में जुटे हैं। पहले चरण में वे सभी संभागों का दौरा कर रहे हैं। इसी के साथ जिलों में भी दौरा करके बैठक ले रहे हैं। अब तक उनकी बिलासपुर, सरगुजा और रायपुर संभाग की बैठक हो चुकी है। बस्तर और दुर्ग संभाग की बैठक बची है। एक बार जनवरी में उनका बस्तर दौरे का कार्यक्रम बना था, लेकिन उनकाे दौरे से पहले दिल्ली लौटना पड़ा था। इसके बाद 9 अप्रैल को उनका बस्तर दौरे का कार्यक्रम बना, लेकिन कर्नाटक चुनाव को लेकर दिल्ली में होने वाली बैठक के कारण उनको वापस जाना पड़ा। अब इस माह के अंत में उनका दौरा संभावित है।



