सराफा बाजार में दीपावली से पहले धमाका, इतिहास में पहली बार सोना 63700 रुपए - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessCity

सराफा बाजार में दीपावली से पहले धमाका, इतिहास में पहली बार सोना 63700 रुपए

रायपुर . शेयर बाजार में मची उथल पुथल के कारण निवेशक अपना पैसा शेयर बाजार में लगाने के स्थान पर सोने और चांदी में लगाने लगे हैं। इसका बड़ा असर साेने और चांदी की कीमत पर पड़ा है। यही वजह है कि दीपावली के पहले सराफा बाजार में बड़ा धमाका हो गया है। इतिहास में पहली बार सोना 63 हजार रुपए से पार होकर को 63 हजार 700 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसके पहले कभी भी सोने की कीमत 63 हजार के पार नहीं गई थी। इस साल मई में कीमत रिकॉर्ड 62900 तक गई थी, लेकिन अब यह रिकॉर्ड टूट गया है। 23 दिनों में सोने के दाम 51 सौ रुपए बढ़े हैं। संभावना यह जताई जा ही है कि सोमवार को जब बाजार खुलेगा तो कीमत 65 हजार तक जा सकती है। इसी के साथ धनतेरस तक कीमत के 70 हजार तक जाने की संभावना है। चांदी की कीमत में भी भारी इजाफा हुआ है। चांदी की कीमत 23 दिनों में 52 सौ रुपए तक बढ़ी है।
सोने की कीमत में इस साल बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। पितृ पक्ष प्रारंभ होने के पहले जो सोना 61 हजार के करीब था, वह घटकर 58 हजार की तरफ चला गया और पांच अक्टूबर को कीमत 58600 रुपए जीएसटी के साथ हो गई। दस दिनों में कीमत दो हजार कम हुई, लेकिन इसके बाद कीमत वापस तेजी से बढ़ने लगी। एक सप्ताह में 12 अक्टूबर को पहले कीमत 60 हजार के पार हुई। इसके बाद फिर चार दिनों में ही कीमत ने 61 हजार का आंकड़ा भी पार कर लिया। 19 अक्टूबर को कीमत 61750 रुपए थी, एक ही दिन में कीमत 950 रुपए बढ़ी और 20 अक्टूबर को कीमत ने 62700 हो गई। इसके बाद सोने को 63 हजारी तक का सफर तय करने में एक सप्ताह का समय लग गया। शुक्रवार को पहले कीमत मई की रिकॉर्ड कीमत 62900 तक पहुंची और शनिवार को सुबह बाजार खुलते ही एक नया इतिहास लिखा गया और कीमत 63500 हो गई। इसके बाद शाम को कीमत में और इजाफा हुआ और कीमत 63700 हो गई। यानी 5 अक्टूबर से 28 अक्टूबर के बीच कीमत 51 सौ रुपए बढ़ी है।
चांदी की कीमत 52 सौ बढ़ी
चांदी कीमत भी इस माह तेजी से बढ़ी है। 5 अक्टूबर को इसकी कीमत 69300 रुपए किलो थी, जो अब 28 अक्टूबर काे 74500 हो गई है। यानी 23 दिनों में इसकी कीमत में 52 सौ रुपए का इजाफा हुआ है। इसके पहले 28 सितंबर को इसकी कीमत 71 हजार रुपए थी। एक ही दिन में कीमत 16 सौ रुपए बढ़कर 29 सितंबर को 72600 रुपए हुई थी, लेकिन इसके बाद कीमत में लगातार कमी हुई और 5 अक्टूबर को कीमत 69300 रुपए पहुंची, लेकिन इसके बाद से लगातार कीमत में इजाफा हो रहा है।
पिछली धनतेरस में था सोना 50 हजारी
पिछले साल धनतेरस और पुष्य नक्षत्र और दीपावली के समय राजधानी रायपुर में सोने की कीमत 50 हजार दो सौ रुपए थी, जो इस साल मई में 62 हजार 900 रुपए हो गई थी और अब कीमत 63500 हो गई है। कारोबारियों के मुताबिक पहले कभी इतने कम समय में इतनी ज्यादा कीमत नहीं बढ़ी थी। पिछले साल तो ज्यादातर समय कीमत 50 हजार के आसपास ही रही है। इस साल कीमत में लगातार इजाफा होने से पहले कीमत 55 हजार के पार हुई। इसके बाद देश में सोना पहली बार इस साल 60 हजारी हुआ और इसके बाद सोना 63 हजारी की राह पर चला, लेकिन 63 हजारी बनने से पहले ही सोना वापस 60 हजारी हो गया और फिर वापस 63 हजारी की राह पर चलने के बाद अंतत: सोने ने 63 हजारी बनने का रिकॉर्ड बना ही दिया है। अब सोना कभी भी 65 हजारी भी हो सकता है।
निवेशकों के कारण बढ़ी कीमत
रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू के मुताबिक सोने एवं चांदी के भाव में लगातार वृद्धि इजरायल एवं फिलिस्तीन लड़ाई जारी रहने एवं इजरायल द्वारा जमीनी लड़ाई शुरू किए जाने के कारण बढ़ रहे हैं। युद्ध के बढ़ने की संभावना के कारण शेयर बाजार लगातार गिर रहे हैं और निवेशक एवं स्टॉकिस्ट शेयर से पैसा निकाल कर सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने और चांदी में निवेश कर रहे हैं। यदि परिस्थितियां ऐसी ही रहीं, तो सोने और चांदी के भाव और बढ़ेंगे।

Related Articles

Back to top button