यूपी में ईद का चांद दिखा,जमकर हुई आतिशबाजी

लखनऊ। यूपी में ईद उल फित्र का चांद दिख गया है। अब पूरे प्रदेश में कल ईद मनाई जाएगी। लखनऊ में मरकजी चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने इसकी घोषणा की। मरकजी शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना यासूब अब्बास समेत अन्य उलेमाओं ने भी कल ईद मनाने की घोषणा की।
मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील की है। ईद की नमाज से पहले फित्रा (दान) देने की बात कही है। ईद की घोषणा होते ही बाजारों में भीड़ लग गई। दुकानों में पैर रखने की भी जगह नहीं है। लोग ईद की खरीदारी कर रहे हैं। लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह समेत शहर की तमाम मस्जिदों में ईद की नमाज की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से नमाज के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। ईद का चांद नजर आने के बाद लखनऊ की नक्खास मार्केट में कपड़े की दुकानों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। लखनऊ के हुसैनाबाद स्थित सतखंडा से शिया धर्म गुरु मौलाना सैफ अब्बास ने चांद का दीदार होने की घोषणा की।



