मोदी की सभा में होंगे दाे मंच, एक में सरकारी कार्यक्रम और एक में होगी आम सभा

रायपुर(realtimes) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायगढ़ दौरे काे लेकर भाजपा की तैयारी जोरों पर है। वहां पर भी रायपुर की तरह ही दाे मंच बनाए जा रहे हैं। एक मंच पर पहले सरकारी कार्यक्रम हाेगा, इसके ठीक बाद दूसरे मंच पर भाजपा की चुनावी सभा काे प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री रायगढ़ में 14 सितंबर को दो घंटे रहेंगे। उनका मिनट टू मिनट कार्यक्रम तय हो गया है। प्रधानमंत्री रायगढ़ में आम सभा करने के साथ ही सरकारी कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। राजधानी रायपुर की तरह ही कोंडातराई में एक साथ दो मंच तैयार किया जा रहे हैं। एक मंच पर पहले सरकारी कार्यक्रम होगा। इसके बाद दूसरे मंच पर भाजपा की आम सभा होगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी भोपाल से विशेष विमान द्वारा दोपहर को दो बजे जिंदल हवाई पट्टी रायगढ़ पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा वे सभा स्थल कोंडातराई जाएंगे। वहां पर सबसे पहले 2.30 से 3.00 बजे तक सरकारी कार्यक्रम होंगे। इसमें कोयला ऊर्जा और स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम होंगे। इसके बाद तीन बजे से चार बजे तक आम सभा को प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे। सभा के बाद वे विशेष विमान से दिल्ली लौटेंगे।
28 को बिलासपुर आएंगे
प्रधानमंत्री का 14 सितंबर के बाद एक बार फिर से 28 सितंबर को छत्तीसगढ़ आना होगा। इस बार उनका बिलासपुर आना होगा। भाजपा की परिवर्तन यात्रा का समापन बिलासपुर में होगा। इसमें प्रधानमंत्री शामिल होंगे। इस अवसर पर बड़ी आम सभा होगी। इस आम सभा में भाजपा ने दो लाख से ज्यादा की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है।



