मोदी की रायगढ़ की आम सभा अभी तय नहीं, अगले माह ही होगा आना संभव

रायपुर(realtimes) राजधानी रायपुर की आम सभा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक और बड़ी आम सभा रायगढ़ में कराने की इसी माह से मशक्कत चल रही है, पर अब तक सकी तिथि अभी तय नहीं हाे सकी है, पहले कहा जा रहा था कि जुलाई के अंत में उनका आना होगा, इसके बाद कहा गया, सात अगस्त को आ सकते हैं। लेकिन इस दिन प्रधानमंत्री नहीं आएंगे। उनका अगस्त में लोकसभा सत्र के बाद ही आना होगा। सभा के साथ सरकारी कार्यक्रम भी होंगे, कौन-कौन से कार्यक्रम होंगे अभी पीएमओ से तय नहीं है। इधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी अगले माह फिर से छत्तीसगढ़ आना होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चार साल बाद छत्तीसगढ़ का दौरा हुआ और उनकी राजधानी रायपुर में सात जुलाई को बड़ी आम सभा हुई। बारिश के बीच इस आम सभा में बड़ी संख्या में प्रदेश भर के कार्यकर्ता और आम जनता श्री मोदी को सुनने के लिए जुटी। भीड़ का ऐसा सैलाब उमड़ा की भाजपा के नेता भी हैरान रह गए। हालांकि भाजपा ने दो लाख की भीड़ जुटाने का दावा किया था, लेकिन बारिश के कारण सभा में ज्यादा भीड़ का जुटना कठिन लग रहा था, लेकिन बारिश के बाद भी भीड़ जुटी।
हर संभाग में सभा की तैयारी
इस साल प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश भाजपा संगठन श्री मोदी की हर संभाग में सभा की तैयारी कर रहा है। रायपुर संभाग में उनकी सभा हो गई है। अब उनकी सभा रायगढ़ में ही होगी। सभा के साथ अभी तक किसी भी तरह का सरकारी कार्यक्रम तय नहीं है, लेकिन अंतिम कार्यक्रम बनते तक सरकारी कार्यक्रम में भी जुड़ने की पूरी संभावना है। सभा में रायपुर की तरह ही भारी संख्या में भीड़ जुटाने की तैयारी है। इसके लिए बिलासपुर संभाग के नेताओं को बड़ा जिम्मा दिया जाएगा। पूरे कार्यक्रम का जिम्मा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव पर रहेगा। बिलासपुर संभाग के बाद बाकी संभाग में भी सभा होगी।
शाह फिर आएंगे अगस्त में
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने प्रदेश में होने वाले चुनाव की कमान संभाल ली है। प्रधानमंत्री की सभा से पहले उनका 5 और 6 जुलाई को यहां आना हुआ था, इसके बाद वे फिर से यहां पर 19 जुलाई को आए और चुनावी रणनीति पर मंथन करके 20 जुलाई को लौट गए। उनके जाने के बाद यहां पर थोक में चुनावी समितियों का ऐलान किया गया है। वे प्रदेश संगठन को कई टॉस्क देकर लौटे हैं। अब उनका एक बार फिर से अगले माह आने का कार्यक्रम है। भाजपा के जानकारों का कहना है, उनका पिछली बार की तरह ही प्रधानमंत्री के रायगढ़ दौरे से पहले रायपुर आना हो सकता है। अभी उनके आने की तिथि भी तय नहीं है।



