गुरु बालदास सहित कई धर्मगुरुओं ने समर्थकों के साथ थामा भाजपा का दामन - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

गुरु बालदास सहित कई धर्मगुरुओं ने समर्थकों के साथ थामा भाजपा का दामन

रायपुर(realtimes) कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित अपने हजारों समर्थकों के साथ सतनामी समाज के धर्मगुरु संत बालदास साहेब, गुरु खुशवंतदास साहेब, गुरु आसंभदास साहेब, गुरु द्वारिका दास साहेब, गुरु सौरभ दास साहेब, तिल्दा की नपा अध्यक्ष लमीक्षा डहरिया, देवराज जांगड़े, दिनेश्वरी यशवंत टंडन, विनोद साहू जनपद सदस्य ने भाजपा का दामन थामा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता के कारण आज पूरा देश गौरवान्वित महसूस करता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत का मान पूरे देश में बढ़ाया है, लेकिन इसके विपरीत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को और प्रदेशवासियों को लज्जित करने का काम किया है। आज समाज के गुरु बालदास, गुरु खुशवंत साहेब ने इस बात को महसूस किया है कि समाज के साथ कांग्रेस सरकार अन्याय कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे मन बिंदु के केंद्र प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने अपने कार्यकाल में विश्व का सबसे बड़ा जैतखाम गिरौदपुरी में बनवाया। उन्होंने भूपेश बघेल को चुनौती देते हुए कहा, अगर उन्होंने एक ईंट भी रखी हो तो जनता को बता दें।
कांग्रेस सरकार ने किया अजा समुदाय का अपमान: बालदास
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद गुरु बालदास साहेब ने कहा, हमने पिछले चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने में महती भूमिका निभाई, जिसके फलस्वरूप कांग्रेस को ऐतिहासिक जीत मिली, लेकिन कांग्रेस अपनी जीत हजम नहीं कर पाई और सत्ता के अहंकार में डूब गई। गुरु बालदास साहेब ने कहा, कांग्रेस सरकार ने अजा समुदाय का हर कदम पर अपमान किया है। धर्मस्थलों के विकास और निर्माण के नाम पर एक रुपया खर्च नहीं किया, एक ईंट तक नहीं रखी गई। जो काम स्वीकृत हुए थे, उनका कोई अता-पता तक नहीं है। समाज के लोगों के प्रति अशिष्ट भाषा और अपशब्दों का प्रयोग किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल, विजय शर्मा, सांसद सुनील सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कण्डेय, रायपुर जिला (ग्रामीण) भाजपा अध्यक्ष टंकराम वर्मा ने सदस्यता पर्ची भेंट कर और भाजपा का दुपट्टा पहनाकर भाजपा में प्रवेश करने वाले सदस्यों का स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button