बजरंग दल को लेकर प्रदेश में सियासत तेज  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बजरंग दल को लेकर प्रदेश में सियासत तेज 

रायपुर(realtimes) प्रदेश में बजरंग दल को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक तरफ जहां भाजपा के प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा एक बच्चे का वीडियो जारी किए जाने सवाल उठाते हुए कहा है, एक बच्चे को बजरंग दल का सदस्य बताकर उसका वीडियो सार्वजनिक करने के पीछे की मंशा काफी खतरनाक लग रही है। इधर कांग्रेस संचार विभाग के सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, बजरंग दल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नहीं छत्तीसगढ़ को गाली दी है।

श्री चौधरी ने कहा, इस मामले पर भाजपा अब विधि विशेषज्ञों से विचार-विमर्श कर रही है। अगर जरूरी हुआ तो इस संबंध में बाल संरक्षण आयोग में मुख्यमंत्री बघेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने समेत अन्य कानूनी विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा। श्री चौधरी ने कहा, मुख्यमंत्री बघेल ने कल एक बच्चे का वीडियो सार्वजनिक सभा में जारी कर बताया था, बच्चे ने उन्हें (मुख्यमंत्री को) गाली दी। ऐसा कहते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने उस बच्चे को बजरंग दल का सदस्य भी बताया। श्री चौधरी ने कहा, किसी बच्चे का ऐसे उपयोग का न केवल कानूनी पक्ष हैं, अपितु इससे बच्चे की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। श्री चौधरी ने कहा कि इससे साफ हो गया है कि मुख्यमंत्री बघेल वास्तव में राष्ट्रवादी ताकतों और सनातन संगठनों से डर गए हैं और इस बौखलाहट में वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।



आरएसएस और भाजपा को छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री बर्दास्त नहीं हो रहा

प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, बजरंग दल द्वारा यह गाली सिर्फ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दी गई गाली नहीं यह गाली पौने तीन करोड़ छत्तीसगढ़ियों को दी गई है। एक नाबालिक युवक को बरगला कर प्रदर्शन में शामिल करने और उससे मुख्यमंत्री को गाली दिलवाने के षडयंत्र के लिए आरएसएस प्रमुख, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बजरंग दल प्रमुख के खिलाफ बाल संरक्षण आयोग में कांग्रेस शिकायत करेगी। श्री शुक्ला ने कहा, भूपेश बघेल राज्य के मुख्यमंत्री हैं। छत्तीसगढ़िया अस्मिता के प्रतीक है, वे छत्तीसगढ़ी संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं। माता कौशल्या के मंदिर और भगवान राम के वन गमन पथ को विकसित कर दुनिया के सामने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित करने का काम किया है। पिछले चार सालों में उन्होंने राज्य की संस्कृति खान पान तीज त्योहार परम्परा को विश्वस्तर पर पहचान दिलाई है। भूपेश बघेल हर छत्तीसगढ़िया के मान सम्मान और  अभिमान का केन्द्र है। आरएसएस और भाजपा को यह बर्दास्त नहीं हो रहा कि पंद्रह साल तक जिस छत्तीसगढ़ी अस्मिता को उन्होंने दबा कर रखा था भूपेश बघेल उसे प्रतिष्ठित कर रहे इसी खीझ में आरएसएस के अनुषांगिक संगठन का अपने कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग करवा रहा है तो यह छत्तीसगढ़ महतारी को अपमानित करने वाला आचरण है। आरएसएस भाजपा बजरंग दल के आचरण के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश की जनता से माफी मांगे।

Related Articles

Back to top button