मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

ममता के बिना ‘इंडिया’ गठबंधन की कल्पना नहीं कर सकते: कांग्रेस

बोंगाईगांव (असम): 24 जनवरी (ए) कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा के बाद बुधवार को कहा कि ममता के बिना विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की कल्पना नहीं की जा सकती।

पार्टी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान असम के उत्तरी सलमारा में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से बातचीत में यह उम्मीद भी जताई कि पश्चिम बंगाल में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ एकसाथ चुनाव लड़ेगा।रमेश ने कहा, ‘‘आपने ममता जी का पूरा बयान नहीं पढ़ा है। पूरा बयान है कि हम भाजपा को हराना चाहते हैं और भाजपा को हराने के लिए कोई कदम पीछे नहीं लेंगे। उसी भावना के साथ हम (भारत जोड़ो न्याय यात्रा) पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रहे हैं।’’

उनका कहना था, ‘‘रास्ते में कभी कभी स्पीड ब्रेकर आ जाता है, कभी कभी लाल बत्ती आ जाती है। इसका मतलब यह नहीं है कि हम पीछे हट जाएं…कल यही सवाल राहुल जी से पूछा गया था और इस पर राहुल गांधी जी ने स्पष्ट उत्तर दिया था कि तृणमूल कांग्रेस और ममता जी ‘इंडिया’ गठबंधन का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम ममता जी के बिना ‘इंडिया’ गठबंधन की कल्पना नहीं कर सकते। ‘इंडिया’ गठबंधन पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव लड़ेगा और सभी (साझेदार) भाग लेंगे।’’

रमेश ने कहा, ‘‘ममता बनर्जी ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना हम सभी की प्राथमिकता है।’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘हमें पूरी उम्मीद है कि जो बातचीत चल रही है उसमें बीच का रास्ता निकाला जाएगा और पश्चिम बंगाल में ‘इंडिया’ गठबंधन चुनाव लड़ेगा।

उनके अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को लेकर निमंत्रण दिया है।

राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा था कि उनकी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई न कोई नेता कुछ टिप्पणी कर देता है, लेकिन उनके ममता बनर्जी के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं।

ममता बनर्जी ने बुधवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव राज्य में अकेले लड़ने का फैसला किया है।

बनर्जी ने कांग्रेस और टीएमसी के बीच सीटों के बंटवारे पर चल रहे टकराव के बीच कहा, ‘‘मैंने उन्हें (कांग्रेस) सीटों के बंटवारे पर एक प्रस्ताव दिया था लेकिन उन्होंने शुरू में ही इसे नकार दिया। हमारी पार्टी ने अब बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।’’पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने राज्य में सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस में किसी से बात नहीं की है।

Related Articles

Back to top button