1000 गज जमीन भी न दे सकी भाजपा: केजरीवाल

नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और समाधि के लिए राजघाट परिसर में जगह को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा। शनिवार को आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर किया गया। इसके पहले भारत के सभी प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार राजघाट पर किया जाता था।
उन्होंने कहा कि सिख समाज से आने वाले, पूरी दुनिया में ख्याति प्राप्त, 10 वर्ष भारत के प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और समाधि के लिए केंद्र सरकार 1000 गज जमीन भी न दे सकी।आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि अभी तक देश के करीब सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार राजघाट में ही हुआ है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ यह भेदभाव भाजपा की सोच को दिखाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछना चाहता हूं कि भारत के एक महान अर्थशास्त्री जिनकी पूरी दुनिया में कद्र है। भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने अपनी जिंदगी के दस वर्ष इस देश को आगे बढ़ाने के लिए लगाए।
मनमोहन सिंह के निधन पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दुख व्यक्त किया। साथ ही स्मारक बनाने को लेकर उठे विवाद में भी उनका बयान सामने आया है। अखिलेश ने कहा कि राजघाट पर ही उनका स्मारक बनना चाहिए। सपा मुखिया ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की समाधि के संदर्भ में सम्मान की परंपरा का निर्वहन होना चाहिए। न इस विषय पर किसी राजनीति की आवश्यकता है, न होनी चाहिए। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार की इच्छा के अनुरूप ही उनका स्मारक बनाया जाना चाहिए।
मायावती ने शनिवार को एक्स पोस्ट में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. सिंह के परिवार की दिली इच्छा के अनुरूप ही उनका स्मारक बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस मामले में उनके परिवार एवं सिख समाज की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री सिंह के सम्मान में एक स्मारक के लिए स्थान आवंटित करने का निर्णय लिया। केंद्र ने इस निर्णय से डॉ. सिंह के परिवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अवगत भी करा दिया है।



