मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल सुबह - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल सुबह

  • पूरे भारत में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा
  • राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति व पीएम ने मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर दी श्रद्धांजलि
  • मनमोहन सिंह को एक सुधारवादी नेता के रूप में याद किया जाएगा : मोदी
  • खरगे, राहुल व वेणुगोपाल कर्नाटक से दिल्ली लौटे, डा. सिंह के परिजनों से मिले

नई दिल्ली।पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह 8 बजे एआईसीसी मुख्यालय ले जाया जाएगा, जहां आम लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 8.30 से 9.30 बजे के बीच श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। उनकी अंतिम यात्रा शनिवार की सुबह 9.30 बजे एआईसीसी मुख्यालय से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर आज जनता के अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास स्थान 3, मोतीलाल नेहरू रोड, नई दिल्ली पर रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की स्मृति में शोक प्रस्ताव पारित किया। 

मंत्रिमंडल ने दो मिनट का मौन रखकर डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। मंत्रिमंडल की बैठक में रखे शोक प्रस्ताव के अनुसार देश में  सात दिनों के लिए राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस शोक अवधि के दौरान, पूरे भारत में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। सात दिनों के लिए विदेश में सभी भारतीय मिशनों/उच्चायोगों में भी राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के तीन मोतीलाल नेहरू रोड स्थित आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति भवन ने एक्स पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने डॉ. सिंह के परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की। 

उपराष्ट्रपति सचिवालय ने एक्स पोस्ट में कहा कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और डॉ. सुदेश धनखड़ ने आज नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने डॉ. सिंह के परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और देश के लिए उनके अमूल्य योगदान और उनकी चिरस्थायी विरासत को याद किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, डॉ. मनमोहन सिंह को उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। भारत उनके योगदान को सदैव याद रखेगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल आज तड़के बेलगाम (कर्नाटक) से दिल्ली पहुंचे और दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के आवास पर गए। जहां उन्होंने डा. सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के लोगों को दुख की इस घड़ी में ढांढस बंधाया। 

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से डा. सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनकी उपलब्धियों को याद किया गया। पार्टी ने यहां जारी अपने शोक संदेश में कहा कि इतिहास डॉ. मनमोहन सिंह को उनके गरिमामय आचरण, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता, गहन ज्ञान और विनम्रता के लिए हमेशा याद रखेगा। वे अपने पीछे आर्थिक सुधारों, राजनीतिक स्थिरता और हर भारतीय के जीवन को बेहतर बनाने के प्रति समर्पण की विरासत छोड़ गए हैं। 

पहले एक टेक्नोक्रेट के रूप में और फिर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सामाजिक कल्याण पर ध्यान देने के साथ आर्थिक समृद्धि और विश्व मानचित्र पर भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए याद किया जाएगा। अपने शांत लेकिन लचीले नेतृत्व के लिए जाने जाने वाले, वे एक सिद्धांतवादी व्यक्ति थे, जिन्होंने देश के कल्याण के अलावा किसी और चीज के प्रति सावधानी, चिंता और दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ कठिन निर्णय लिये।

कांग्रेस ने कहा, “एक नेता के रूप में, डॉ. सिंह ने शायद ही कभी सुर्खियों में आने की कोशिश की, फिर भी उनके फैसले भारतीय समाज के हर पहलू और उससे परे गहराई से गूंजते थे। राजनीतिक सहयोगियों, विरोधियों और विश्व नेताओं से उन्हें जो भरोसा और सम्मान मिला, वह उनके गहरे प्रभाव का प्रमाण है।एक राजनेता, एक विद्वान, एक नेता, एक दूरदर्शी – भारत के सबसे गौरवशाली पुत्रों में से एक – अलविदा सर, आपकी बहुत याद आएगी। 

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर बीती रात करीब एक बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से उनके दिल्ली स्थित आवास पर लाया गया। डा. सिंह का 92 वर्ष की आयु में बीती देर शाम एम्स (दिल्ली) में निधन हो गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के सम्मान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह सहित सभी आधिकारिक कार्यक्रम अगले सात दिनों के लिए रद्द कर दिए गए हैं। इन कार्यक्रमों में सभी आंदोलनात्मक और आउटरीच कार्यक्रम शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button