मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा के बीच नड्डा से केंद्रीय मंत्रियों की मुलाकात

केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव और भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक फेरबदल की चर्चा के बीच कई केंद्रीय मंत्रियों ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की है। इसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत अर्जुन राम मेघवाल, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू सहित कई केंद्रीय मंत्री शामिल रहे। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पार्टी महासचिव बीएल संतोष से मुलाकात की।
किस मुद्दे पर हुई चर्चा?
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर बात हुई इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है लेकिन माना जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में कई नेताओं ने केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की है जिसे केंद्रीय कैबिनेट में बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
बीजेपी नेता की बैठक पर सफाई
बता दें कि बीजेपी के एक नेता ने जेपी नड्डा की केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक पर जोर देकर कहा कि इन बैठकों को कैबिनेट फेरबदल की अटकलों से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। साथ ही कहा कि पार्टी कई संगठनात्मक कार्यक्रमों की योजना बना रही है।
बीजेपी ने बदले कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष
गौरतलब है कि बीते मंगलवाल को भारतीय जनता पार्टी ने सांगठनिक बदलाव करते हुए केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को तेलंगाना, सुनील जाखड़ को पंजाब, पूर्व केंद्रीय मंत्री डी. पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश और पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी को पार्टी की झारखंड इकाई का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। साथ ही पार्टी ने इस साल तेलंगाना में होने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्य की सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति से बीजेपी में आने वाले पूर्व मंत्री एटेला राजेंद्र को राज्य में चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।
देश से जुड़ी बड़ी खबरें यहाँ पढ़ें



