मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

ख़ास ख़बर: नड्डा का फरमान, चुनाव के समय ही नहीं हर समय आम जनता से बनाएं रखे संपर्क

रायपुर(realtimes) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बतौर अध्यक्ष अपने पहले दौरे में फरमान जारी किया है कि बूथ के कार्यकर्ताओं काे बड़े नेता बताएं और समझाएं कि आम जनता के साथ संपर्क महज चुनाव के समय नहीं बल्कि हर समय लगातार करना है। महज चुनाव के समय संपर्क करने पर जनता नेताओं काे मतलबी समझती है।

श्री नड्डा ने सांसद, विधायक, प्रदेश के पदाधिकारियों को बूथों को मजबूत करने और सक्रियता बढ़ाने का भी फरमान जारी किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ठाकरे परिसर में सांसद, विधायक, प्रदेश के पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की देर रात तक बैठक ली। इसमें जहां अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों से जानकारी ली, वहीं मिशन 2023 को लेकर रणनीति बनाने के निर्देश भी दिए हैं। इसी के साथ सभी से एक ही बात कही, सभी को सामूहिक प्रयास करके प्रदेश सरकार के खिलाफ ज्यादा से ज्यादा आंदोलन करने हैं।

सांसद, विधायकों काे यह नसीहत
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सबसे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने सांसद और विधायकों की बैठक ली। इसमें उन्होंने सभी को नामों से संबोधित करते हुए उनके क्षेत्र के बारे में जानकारी ली और चुनाव को लेकर भी बात की कि क्या तैयारी चल रही है। जहां सांसदों और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्र में ज्यादा सक्रिय रहते हुए बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर उनको हर घर तक कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए प्रोत्साहित करने की बात की, वहीं यह भी कहा कि हर कार्यकर्ता को यह मालूम होना चाहिए कि केंद्र सरकार की क्या योजनाएं हैं ताकि वे सबको इनकी जानकारी देकर बता सकें कि भाजपा उनके लिए क्या कर रही है।
प्रदेश सरकार के खिलाफ खाेले मोर्चा
विधायकों से श्री नड्डा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार की कौन-काैन सी याेजनाओं को रोककर रखा है, उसकी जानकारी एकत्रित करके प्रदेश सरकार को एक्सपोज करने का काम करें। इसी के साथ प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी और विकास को रोकने को लेकर मुद्दा बनाकर लगातार आंदोलन किए जाएं। श्री नड्डा ने सभी विधायकों से सामूहिक रूप से प्रदेश सरकार के खिलाफ हमला करने की रणनीति पर काम करने के लिए कहा।
ज्यादा से ज्यादा करें दौरा
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में श्री नड्डा से पदाधिकारियों को पूरे प्रदेश का दौरा करने के लिए कहा। उन्होंने कहा, सभी पदाधिकारियों को बूथ, शक्ति केंद्र और मंडलों का दौरा करके वहां बैठकें लेने और कार्यकर्ता में आत्मविश्वास जगाने का काम करना है। हमारा कार्यकर्ता जितना ज्यादा सक्रिय होगा उतनी ही ज्यादा जीत हमें मिलेगी। उन्होंने संभाग और जिलों के प्रभारियों को भी ज्यादा समय अपने प्रभार वाले संभाग और जिलों में रहने के लिए कहा। जिलाध्यक्षों को भी ज्यादा सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए। सभी से अपने-अपने जिलों में स्थानीय मुद्दों पर भी आंदोलन करने के लिए कहा गया।
तैयारियों और आंदोलन की ली जानकारी
श्री नड्डा ने बैठकों में प्रदेश संगठन द्वारा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों के बारे में जानकारी ली। इसी के साथ संगठन क्या-क्या काम कर रहा है, यह भी पूछा। श्री नड्डा को बताया गया कि बूथों को मजबूत करने के लिए बड़े नेता भी लगातार बूथों में ज्यादा से ज्यादा समय दे रहे हैं। आने वाले समय में भी बूथों को मजबूत करने की रणनीति पर काम चल रहा है। प्रदेशाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष द्वारा हर जिले का दौरा करने की भी जानकारी श्री नड्डा काे दी गई।
कोर ग्रुप से मिशन 2023 का राेड मेप बनाने कहा
कोर ग्रुप की बैठक में भी जहां बूथों को मजबूत करने की नसीहत दी गई, वहीं सांसद, विधायकों के साथ सभी नेताओं की सक्रियता पर जोर दिया गया। इसी के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ लगातार हमलवार होने की रणनीति बनाने के लिए कहा गया। मिशन 2023 को लेकर एक रोड मेप भी तैयार करने कहा गया कि आने वाले समय में संगठन क्या-क्या करेगा।

Related Articles

Back to top button