भूपेश के गढ़ में होगी अमित शाह की सभा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भूपेश के गढ़ में होगी अमित शाह की सभा

रायपुर(realtimes) मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गढ़ दुर्ग में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 22 जून काे सभा हाेगी। केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा का देश भर में महा जनसंपर्क अभियान चल रहा है। इस अभियान में देश भर में 51 रैलियां भी हो रही हैं। एक रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छत्तीसगढ़ में भी कराने की तैयारी चल रही है, लेकिन उनका आना अब तक तय नहीं हो सका है, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की एक बड़ी सभा 22 जून को दुर्ग जिले में और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की एक सभा 30 जून को बिलासपुर जिले में तय हो गई है। इन दो बड़ी सभाओं के साथ भाजपा यहां पर चुनावी बिगुल फूंकने का काम करेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर देश के हर राज्य में एक माह के कई कार्यक्रम तय किए हैं। छत्तीसगढ़ में हर लोकसभा में होने वाले कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय नेता आ रहे हैं। अब तक प्रदेश में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के साथ ही प्रदेश प्रभारी ओम माथुर का आना हो चुका है। इसी माह केंद्रीय गृह मंत्री गिरिराज सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते भी आएंगे। इसी के साथ ओम माथुर का भी रायपुर और दुर्ग संभाग की लोकसभाओं में दौरा होगा।
नड्डा की सभी बिलासपुर में
प्रदेश भाजपा संगठन अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की बड़ी सभाएं कराने की तैयारी कर रही है। इस साल प्रदेश में चुनाव होने हैं, ऐसे में प्रदेश संगठन का पहला प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा कराने का था, लेकिन अब तक पीएमओ से इसके लिए समय नहीं मिल पाया है। समय मिलेगा या नहीं यह भी अभी तय नहीं है। ऐसे में अब अमित शाह और जेपी नड्डा का कार्यक्रम तय किया है। श्री शाह की दुर्ग जिले में बड़ी सभा होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही कई मंत्रियों का दुर्ग गृह जिला और संभाग है। ऐसे में भाजपा ने श्री शाह की सभा के लिए दुर्ग को चुना है। इसी तरह से श्री नड्डा की बिलासपुर जिले में सभा होगी। बिलासपुर संभाग विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत का संभाग है, इसी के साथ उनकी पत्नी ज्योत्सना महंत कोरबा से सांसद भी हैं। इसके पहले श्री शाह कोरबा में बड़ी सभा कर चुके हैं। श्री नड्डा की भी बस्तर में सभा हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button