भारत, ब्रिटेन द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लिये प्रतिबद्ध: Trade Minister Huddleston - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

भारत, ब्रिटेन द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लिये प्रतिबद्ध: Trade Minister Huddleston

कोलकाता: भारत की यात्रा पर आये ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री नाइजल हडलस्टन ने मंगलवार को यहां उद्योग जगत के प्रमुखों और शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और ब्रिटेन द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने के लिये प्रतिबद्ध हैं। अधिकारियों ने कहा कि हडलस्टन ने विविध कारोबार से जुड़े आईटीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजीव पुरी, आरपीएसजी समूह के अध्यक्ष संजीव गोयनका तथा पश्चिम बंगाल के पूर्व वित्त मंत्री अमित मित्रा के साथ बातचीत की।

उन्होंने ब्रिटेन के साथ व्यापारिक संबंध रखने वाली विभिन्न भारतीय कंपनियों के सीईओ के साथ नाश्ते पर बैठक भी की। हडलस्टन ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘वर्ष 2030 के लिये निर्धारित रूपरेखा ब्रिटेन और भारत के बीच संबंधों में बदलाव लाने की एक व्यावहारिक योजना है। इस पर हमारे प्रधानमंत्रियों ने मई 2021 में सहमति जतायी थी। यह दोनों देशों के लिये फायदेमंद होगा। हम दोनों महान देशों के बीच व्यापार को दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 36 अरब पौंड रहा था।

सोमवार को दो दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे हडलस्टन ने कहा, हम विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे हैं। हमने कोविड टीके पर एक साथ काम किया। इससे कई देशों में सैकड़ों लोगों की जान बचाई गई। मंत्री ने कहा, हमें भारत के साथ काम करने और अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के लिये गठबंधन जैसी पहलों का समर्थन करने पर गर्व है। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहन और पर्यावरण अनुकूल निर्माण क्षेत्रों में ब्रिटेन और पश्चिम बंगाल के बीच सहयोग बढ़ाने की भी घोषणा की।

 

 

Related Articles

Back to top button