भाजयुमो की पुलिस से जमकर झूमा-झटकी - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजयुमो की पुलिस से जमकर झूमा-झटकी

रायपुर(realtimes) भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की शुक्रवार को मेफेयर रिसॉर्ट के सामने पुलिस के साथ जमकर झूमा-झटकी हुई। रिसाॅर्ट में झारखंड के विधायक ठहरे हैं। भाजयुमाे के कार्यकर्ता अंकिता हत्याकांड को लेकर वहां पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने झारखंड के विधायकों के साथ ही राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजयुमो के प्रदर्शन की जानकारी होने पर प्रदर्शनकारियों को रोकने बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। रिसॉर्ट के बाहर बेरीकेट्स भी लगाए थे। कार्यकर्ता बेरीकेट्स को लांघकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, इस दौरान पुलिसकर्मी और कार्यकर्ताओं के बीच खूब धक्का-मुक्की हुई और कुछ पुलिसकर्मी गिर भी गए। जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने आरोप लगाया है कि, झारखंड के विधायकों की छत्तीसगढ़ में अय्याशी चल रही है। छत्तीसगढ़ सरकार पार्टी करवा रही। झारखंड में अंकिता मर्डर केस में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। श्री साहू ने भाजपा पर लग रहे खरीद-फरोख्त के आरोप पर कहा कि यह झूठ और बेबुनियाद आरोप है। किसी काे अगर भाजपा अपनी पार्टी से ज्यादा पसंद आती है तो इसमें भाजपा क्या कर सकती है। उन्होंने कहा, झारखंड महागठबंधन में एकता नहीं है तो इसके लिए भाजपा जिम्मेदार थोड़ी है। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन स्थल से राखी थाने लाया गया और उनके नाम दर्ज करने के बाद सबको रिहा कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button