भाजपा ने फिर खाेला कांग्रेसी विधायकों के खिलाफ मोर्चा, अब बनेगा आरोप पत्र - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा ने फिर खाेला कांग्रेसी विधायकों के खिलाफ मोर्चा, अब बनेगा आरोप पत्र

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ भाजपा ने चुनावी साल में कांग्रेस के विधायकों के खिलाफ एक और बड़ा मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ 109 बिंदुओं का आरोप पत्र विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव के साथ लाने के बाद अब हर कांग्रेसी विधायक के खिलाफ जिलों में आरोप पत्र बनाने का काम किया जाएगा। इसको लेकर जहां प्रदर्शन किया जाएगा, वहीं मीडिया के सामने भी आरोप पत्र रखा जाएगा।
प्रदेश भाजपा संगठन इस समय लगातार केंद्रीय मंत्री अमित शाह के निर्देश पर काम कर रहा है। कांग्रेस के विधायकों के खिलाफ भाजपा ने पूरी तरह से मोर्चा खोल दिया है। हर विधानसभा में इनके खिलाफ प्रदर्शन किया जा चुका है। स्थानीय मुद्दों को लेकर जहां जिलों में कलेक्टर दफ्तर का घेराव किया गया, वहीं कई स्थानों पर विधायक का निवास भी घेरा गया। राजधानी रायपुर में चार विधानसभाओं में से तीन में कांग्रेस के विधायक हैं, ऐसे में इनके खिलाफ कलेक्टर दफ्तर में प्रदर्शन किया गया। इसी के साथ रायपुर दक्षिण के विधायक बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में अलग से बड़ा प्रदर्शन किया गया।
जिलों में बन रहा आरोप पत्र
भाजपा ने विधायकों को फिर से घेरने के लिए अब आरोप पत्र बनाने का फैसला किया है। इसके लिए सभी जिलों में अध्यक्षों को यह जिम्मा दिया गया है। सभी अध्यक्ष अपने जिले की विधानसभाओं में कांग्रेस के विधायकों के खिलाफ आरोप पत्र तैयार कर रहे हैं। इसमें विधायकों की नाकामी के साथ विधायकों के कामों को लेकर आरोप पत्र बनेगा कि विधायक का कार्यकाल कैसा रहा है। इसमें वे कितने निष्क्रिय रहे हैं। विधायकों के खिलाफ आरोप के साथ मोर्चा खोल जाएगा। 15 अगस्त के बाद लगातार विधानसभाओं में प्रदर्शन किया जाएगा। विधायकों पर आरोप लगाते हुए पोस्टर बनाकर प्रदर्शन किया जाएगा। हर जिले में आरोप पत्र सामने रखकर मीडिया से चर्चा करते हुए विधायकों पर आरोप लगाए जाएंगे। सभी आरोप पत्र तैयार होने के बाद इसकाे प्रदेश की आरोप पत्र समिति के साथ प्रदेश भाजपा संगठन को भी सौंपा जाएगा

Related Articles

Back to top button