भाजपा ने कहा, कांग्रेस के शासन में राज्य की पहचान ईडी और सीडी, कांग्रेस का पलटवार भाजपा शासन काल था भ्रष्ट और कुशासन काल

रायपुर(realtimes) कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे हाेने पर इसकाे लेकर कांग्रेस और भाजपा में जुबानी जंग छिड गई है। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह का कहना है, कांग्रेस के शासन में छत्तीसगढ़ में विकास नहीं हुआ है। कांग्रेस सरकार में विकास का एक भी काम नहीं हुआ है। आज छत्तीसगढ़ की पहचान ईडी और सीडी हाे गई है। ऐसे में कांग्रेस काहे का गौरव दिवस मना रही है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार चार साल की अपनी एक भी उपलब्धि नहीं बता सकती है। इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा शासनकाल काे भ्रष्ट और कुशासन काल बताया है।

एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डा. रमन ने कहा, छत्तीसगढ़ भाजपा के शासनकाल में शांति का टापू था। पूरे देश में सम्मान के साथ हमारे राज्य का नाम लिया जाता था। उन्होंने कहा, अब तो वापस 2003 की जैसी स्थिति हो गई है। उसी तरह से अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। अंडरवर्ल्ड के गैंग शूटर रायपुर में मिलते हैं। जुआ-सट्टा पुलिस के संरक्षण में हो रहा है। थानेदार, एसपी की पोस्टिंग तक सब बिकाऊ है। डॉ. रमन ने कहा, पटवारी से लेकर कलेक्टर तक सबका रेट फिक्स है। डा. रमन ने कहा, छत्तीसगढ़ आज पूरी तरह से अपराधगढ़ बन गया है। बलात्कार के मामले में छत्तीसगढ़ देश में 6वें और हत्या में 3 तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा, ये कोई डा. रमन की रिपोर्ट नहीं है, ये कोई भारतीय जनता पार्टी की रिपोर्ट नहीं है, ये वास्तविक रिपोर्ट है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में सबसे दुखद स्थिति महिलाओं की है। एक तरफ जहां महिलाओं से होने वाले अपराध बढ़े हैं, वहीं शराबबंदी का वादा राहुल गांधी की उपस्थिति में हुआ था, वह आज तक पूरा नहीं किया गया है। जब हाथ में गंगाजल लेकर शराबबंदी की कसम खाई थी, तब इस घोषणा के समय 700 दुकानें थीं, आज 1400 शराब की दुकानें हैं। कोरोनकाल में छत्तीसगढ़ देश का ऐसा एकमात्र राज्य रहा है, जिसने जरूरतमंदों को दवाईयां तो घर तक नहीं पहुंचाईं, लेकिन शराब घर-घर पहुंचाने का काम जरूर किया गया। छत्तीसगढ़ शराब का गढ़ बन हुआ है। अवैध तस्करी में छत्तीसगढ़ 7वें स्थान पर आ गया है।
छत्तीसगढ़ की पहचान अब ईडी और सीडी
डा. रमन ने कहा, छत्तीसगढ़ की पहचान अब ईडी और सीडी की बन चुकी हैं। आईएएस से लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय की उपसचिव तक जेल में और बेल में हैं। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
भाजपा शासन के 15 साल कुशासन, भ्रष्टाचार वाले

कांग्रेस सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस ने कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार की उपलब्धि गिनाने के साथ ही भाजपा की पूर्व सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा, भाजपा शासन के 15 साल कुशासन, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के रहे। कांग्रेस सरकार के शासन में चार साल सुशासन और समृद्धि के हैं।
राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला कहा, कांग्रेस की सरकार अपने कार्यकाल के चार साल पूरे कर रही है। यह चार साल गौरव और स्वाभिमान के हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद राज्य के हर वर्ग के लोगों के जीवन स्तर में परिवर्तन आया। कांग्रेस की सरकार ने हर वर्ग के विकास के लिए प्रभावी योजना बनाकर उनका जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन किया। किसानों का कर्जा माफ, युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के द्वार खोले गए, आउटसोर्सिंग बंद की गई, आदिवासी क्षेत्र के विकास के लिए विशेष योजनाएं बनाई गईं, राज्य की संस्कृति को संवर्धित करने का काम किया गया। श्री शुक्ला ने कहा, रमन सिंह ने कहा है 4 साल गौरव के नहीं 4 साल गर्त के। दरअसल उन्होंने यह गर्त शब्द भाजपा के लिए उपयोग में लाया है। 2018 में रमन सिंह के नेतृत्व में तीन चौथाई बहुमत से हारने के बाद भाजपा सही में 4 साल में विधानसभा के उपचुनाव, चुनाव दर चुनाव महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष सभी में तो गर्त में ही गई है। श्री शुक्ला ने कहा, कांग्रेस अपने जन घोषणापत्र के 36 प्रमुख वायदों में से 90 प्रतिशत से अधिक वायदों को पूरा कर चुकी है। चार साल के कार्यकाल में सरकार ने आधा समय कोरोना महामारी से निपटने में लगाया। इसके बावजूद अपने वायदों को पूरा करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस सरकार प्रतिबद्ध है।
रमन झूठ बोल रहे
श्री शुक्ला ने कहा, डा. रमन सिंह बेशर्मीपूर्वक झूठ बोल रहे हैं कि राज्य में अपराध बढ़ गए। जबकि छत्तीसगढ़ महिला अपराध में 18वें नंबर है, जो कि रमनराज में 6वें स्थान पर था। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार 2018 में छत्तीसगढ़ बलात्कार के मामलों में पांचवें नंबर पर था, 2021 में भूपेश सरकार की महिला सुरक्षा नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ 11वें स्थान पर आ चुका था। बलात्कार के प्रयास की घटनाओं में भी एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ 2018 तक 10वें स्थान पर था, जबकि भूपेश सरकार के बाद 2021 में छत्तीसगढ़ ने अपनी स्थिति में सुधार किया है और ये 16वें स्थान पर है।
रमन सरकार ने किया शराब का सरकारीकरण
वरिष्ठ प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा, मुख्यमंत्री रहते हुए डा. रमन सिंह ने कहा था कि सरकार रहे चाहे जाए, शराबबंदी करके रहेंगे, किया उल्टा। शराब का सरकारीकरण करके 400 करोड़ के राजस्व को 5000 करोड़ तक पहुंचाया। गोवा को पीछे छोड़कर प्रति व्यक्ति शराब खपत के मामले में छत्तीसगढ़ को नंबर वन बनाया। सर्वविदित है कि शराब के कमीशन के बटवारे को लेकर रमन कैबिनेट में आए दिन विवाद होते रहे। शराबबंदी के लिए बनाई गई राजनैतिक कमेटी में 2 नाम भाजपा को देने थे, वो नाम आज तक नहीं दिए गए।



