बीजेपी का आज 12 घंटे का बंगाल बंद

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में लेडी डॉक्टर को इंसाफ दिलाने और सीएम ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर लड़ाई अब सड़कों पर आ गई है। कल छात्रों के प्रोटेस्ट पर सीएम ममता की पुलिस के एक्शन के खिलाफ बीजेपी ने आज बंगाल बंद का ऐलान किया है। बीजेपी का ये बंगाल बंद सुबह 6 बजे से शुरू हो गया है और शाम छह बजे तक चलेगा। आज बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता पूरे बंगाल में ममता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। बीजेपी की मांग है कि पुलिस गिरफ्तार किए गए छात्रों की बिना शर्त रिहा करे। वहीं मंगलवार को भी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ बीजेपी नेता धरने पर बैठे थे। यहां भी पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया और जब कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की तो बीजेपी कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले दागे गए। घंटों तक बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच में संघर्ष चलता रहा। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ममता सरकार की इस कार्रवाई को तानाशाही करार दिया है।
मुर्शिदाबाद में भागीरथी एक्सप्रेस को डेढ़ घंटे तक रोका गया
बंगाल बंद का असर दिखने लगा है। मुर्शिदाबाद में भागीरथी एक्सप्रेस को डेढ़ घंटे तक रोका गया। वहीं, बैरकपुर स्टेशन पर लोग रेलवे ट्रैक पर उतर गए हैं।
बीजेपी के सभी नेता होंगे प्रदर्शनों में शामिल
RG कर मेडिकल कॉलेज में रेप और मर्डर मामले में पश्चिम बंगाल में विरोध और प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार सुबह 11 बजे बाहुइहाटी में बंद के समर्थन में करेंगे प्रदर्शन करेंगे। रूपा गांगुली, लॉकेट चटर्जी, अग्निमित्रा पॉल और राहुल सिन्हा 10 बजे से अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन करेंगे।
BJP प्रदेश अध्यक्ष ने ममता को घेरा
बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि हमें आम हड़ताल का आह्वान करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। क्योंकि यह निरंकुश शासन लोगों की आवाज को अनसुना कर रहा है। जो मृत डॉक्टर बहन के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। न्याय के बजाय ममता बनर्जी की पुलिस राज्य के शांतिप्रिय लोगों के साथ बर्बर व्यवहार कर रही है।
पुलिस लाठीचार्ज में 100 से ज्यादा छात्र हुए घायल
पुलिस ने छात्रों पर वॉटर कैनन और लाठीचार्ज किया जिसमें 100 से ज्यादा छात्र घायल हो गए हैं। वहीं पुलिस और छात्रों की झड़प में 15 पुलिसवाले भी घायल हुए हैं। छात्रों पर हुए पुलिस के इस बर्बर एक्शन के खिलाफ बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। छात्रों के समर्थन में बीजेपी ने आज 12 घंटे का बंद बुलाया है।
प्रदर्शनकारी छात्रों पर दागे गए आंसू गैस को गोले
कल आंदोलनकारी छात्र नबान्न सचिवालय जाना चाहते थे लेकिन पश्चिम बंगाल पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने नहीं दिया। सचिवालय के आस-पास पुलिस ने कई किलोमीटर तक बैरिकेडिंग की थी बावजूद इसके छात्र आगे बढ़े तो उन पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर तितर बितर करने की कोशिश की लेकिन छात्र डटे रहे।
ममता सरकार ने कर्मचारियों को दफ्तर आने का सुनाया फरमान
ममता सरकार ने तो एक आदेश जारी कर सभी सरकारी कर्मचारियों को दफ्तर आने का फरमान सुनाया है। इसके साथ ही कोलकाता पुलिस ने भी बंद को नाकाम करने के लिए तमाम इंतजाम किए हैं।
बीजेपी ने ममता सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
कोलकाता में नबान्न मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस के बर्बर एक्शन और गिरफ्तार के विरोध में बीजेपी ने ममता सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी के नेता कोलकाता में आज अलग-अलग जगहों पर प्रोटेस्ट करेंगे लेकिन ममता सरकार और बंगाल पुलिस ने बीजेपी के इस बंद को गैर कानूनी करार दिया है।



