भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के लिए आज शाम तय होगा एजेंडा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के लिए आज शाम तय होगा एजेंडा

रायपुर(realtimes) विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा लगातार मिशन 2023 पर मंथन करने में लगी है। ऐसे में प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति कल रखी गई है। इसके पहले आज शाम को प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नतिन नवीन, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव और सभी महामंत्रियों के साथ बैठक में एजेंडा तय करेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस माह 9 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन से देश भर महासंपर्क अभियान चलाने का फैसला किया है। इसमें क्या-क्या होगा, इसको लेकर सभी राज्यों को राष्ट्रीय संगठन ने कार्यसमिति में रणनीति बनाने के लिए कहा है। ऐसे में छत्तीसगढ़ भाजपा में भी कार्यसमिति रखी गई है। आमतौर पर कार्यसमिति से पहले एजेंडा तय करने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं किया जा रहा है। प्रदेश पदाधिकारियों के स्थान पर महज प्रदेशाध्यक्ष और महामंत्रियों के साथ ही प्रदेश प्रभारी और सहप्रभारी बैठक करके एजेंडा तय करेंगे। इसमें मुख्य रूप से महासंपर्क अभियान काे लेकर रणनीति बनेगी। इसमें लोकसभा और विधानसभा वार लोगों के घर-घर संपर्क करके केंद्र सरकार की योजनाओं को बताया जाएगा। इसी के साथ और क्या-क्या किया जाना है, इसकी पूरी रूपरेखा तैयार होगी। एजेंडों को दूसरे दिन कार्यसमिति में रखा जाएगा।
रखा जाएगा राजनीतिक प्रस्ताव
कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इसमें जहां केंद्र सरकार की योजना पर बात होगी, वहीं प्रदेश सरकार को घेरा जाएगा। प्रदेश सरकार के खिलाफ होने वाले आंदोलनों को लेकर भी रणनीति बनेगी। प्रदेश भाजपा संगठन ने जो तीन बड़े आंदोलन तय किए हैं, उसको लेकर पूरी रणनीति बनेगी। तीन आंदोलन में भाजयुमो का भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आंदोलन, महिला मोर्चा का शराबबंदी और प्रदेश संगठन का तेंदूपत्ता को लेकर बड़ा आंदोलन शामिल है। इसी के साथ बूथों को मजबूत करने की रणनीति, बूथों के पन्ना और पेज प्रभारियों की नियुक्ति सहित राज्य के राजनीतिक हालात पर भी चर्चा होगी।

Related Articles

Back to top button