बहराइच: मुंबई में हुए बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बहराइच कनेक्शन

बहराइच। महाराष्ट्र के बांद्रा पूर्वी में हुए एनसीपी( राष्ट्र वादी कांग्रेस पार्टी) के नेता व पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी गोलीकांड में बहराइच कनेक्शन सामने आया है। हत्याकांड में शामिल दो आरोपी उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रहने वाले बताए जा रहे है। शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे बाबा सिद्दीकी पर बांद्रा के खेर नगर में उनके विधायक बेटे जीशान के कार्यालय के बाहर 3 बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। जानकारी के मुताबिक, ऑटो से आए 3 शूटर्स ने दो बंदूकों से 6 राउंड फायरिंग की। इनमें बाबा को 3 गोलियां लगीं। 2 गोलियां उनके पेट और 1 सीने पर लगी। जिससे बाबा सिद्दीकी की मौत हो गई। तीनों ने मुंह पर रूमाल बांधा हुआ था।
महाराष्ट्र पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीसरा आरोपी अभी भी फरार है। मुंबई क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो संदिग्धों में एक हरियाणा तो दूसरा यूपी के बहराइच जिले अंतर्गत कैसरगंज थाना क्षेत्र के गंडारा गांव का 19 वर्षीय धर्मराज कश्यप पुत्र राधे बताया जा रहा है। वहीं फरार तीसरा आरोपी भी यूपी के बहराइच के उसी गांव गंडारा का करीब 19 वर्षीय शिवकुमार उर्फ शिवा गौतम पुत्र बालकिशन गौतम बताया जा रहा है। वहीं अभी अधिकारिक अपडेट का इंतजार है।
शिवा 5 वर्ष व धर्मराज 2 माह से पुणे में कर रहे थे कबाड़ का काम
संवाददाता मनीष कश्यप ने बताया कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले में मुंबई में गिरफ्तार धर्मराज कश्यप की मां कुसुम के मुताबिक उनका बेटा दो माह पहले मुंबई के पुणे गया था जहां वह कबाड़ का काम करता था। उनकी मां ने बताया कि घटना कैसे हुई उन्हें जानकारी नहीं है रविवार सुबह पुलिस पूछताछ करने आई थी तब पता चला है। वहीं शिवा के पिता बालकिशन गौतम उर्फ ननके ने बताया कि उनका बेटा करीब 5 वर्षों से मुंबई आता जाता रहा है हाल ही में वह होली के बाद मुंबई गया था वह पुणे में कबाड़ का काम करता था उन्हें भी घटना की जानकारी पुलिस व न्यूज से हुई है। शिवा गौतम व धर्मराज कश्यप दोनों सामान्य निर्धन परिवार से हैं। दोनों के परिजन मेहनत मजदूरी करके घर चलाते है।
पीएम आवास योजना के तहत दोनों के परिजनों को आवास मिला था जिसके बाहर छप्पर का भी घर जिसमें सभी निवास करते है। शिवा कुल तीन भाई है जिसमें शिवा सबसे बड़ा था जबकि धर्मराज कुल पांच भाई है जिसमें धर्मराज छोटा है। मुंबई से सूचना मिलते ही बहराइच पुलिस सक्रिय हो गई है और रात से ही परिजनों से दोनों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभी तक दोनों का बहराइच में कोई अपराधिक इतिहास सामने नही आया है। घटना के बाद से ही शिवा गौतम मुंबई से फरार है। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।



