बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ की भी बिजली खरीदी-बिक्री पर राेक का करंट, मचा हड़कंप

24 घंटे से पहले ही सुधरी गलती
रायपुर(realtimes) देश में पॉवर सेक्टर के इतिहास में पहली बार एक बड़ी गलती के कारण देश के आधा दर्जन राज्याें काे बड़ा झटक लग गया, इसमें अपना राज्य छत्तीसगढ़ भी शामिल था। छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब कंपनी को मालूम हुआ कि छत्तीसगढ़ की भी बिजली खरीदी बिक्री पर केन्द्र विद्युत मंत्रालय की इकाई पॉवर सिस्टम ऑपरेशन कार्पोरेशन (पोसोको) ने बकायादारों की सूची में नाम होने का हवाला देते हुए रोक लगा दी है। ऐसा होने से परेशानी हो सकती है, इसको देखते हुए तत्काल पॉवर कंपनी के अधिकारी हरकत में आए और छत्तीसगढ़ पर बकाया न होने की जानकारी देकर अपना नाम 24 घंटे में ही रोक लागू हाेने से पहले हटवाया।
छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि पांच और ऐसे राज्यों के नाम भी पोर्टल में जुड़ गए थे जिन पर बकाया नहीं है। इन राज्यों के नाम भी बाद में पोर्टल से हटाकर इन पर भी लगी रोक को हटा दिया गया है। केन्द्रीय ऊर्जा मंत्रालय के प्राप्ति पोर्टल में बकाया भुगतान संबंधी जानकारी के अपडेट नहीं होने से ऐसी स्थिति निर्मित हुई और पोसोको द्वारा राज्य पर रोक संबधी आदेश जारी किया गया। देश में ऐसा पहली बार हुआ है।
पाेसाेकाे के नोटिस से खलबली
देश भर के जो भी राज्य बिजली की खरीदी बिक्री करते हैं, उसके भुगतान के संबंध में जानकारी प्राप्ति पोर्टल में रहती है। जिनका भी बकाया रहता है उसको देखकर पोसोको ऐसे राज्यों की बिजली खरीदी-बिक्री पर रोक देता है। इसी के तहत एक दिन पहले पोसोको द्वारा छत्तीसगढ़ समेत 13 राज्यों पर पॉवर एक्सचेंज से बिजली (शार्ट टर्म) पर 19 अगस्त से खरीदी /बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया। इस आदेश के बाद इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (आईईएक्स) की ओर से छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को इस संबंध में अवगत कराया गया। जानकारी प्राप्त होते ही छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा स्थिति स्पष्ट करते हुए पोसोको, पॉवर फाइनेंस कार्पोरेशन, विद्युत मंत्रालय तथा आईईएक्स के उच्चाधिकारियों को राज्य विद्युत वितरण कंपनी पर कोई बकाया नहीं होने संबंधी जानकारी दी गई। दिन भर की मशक्कत के बाद जाकर मामला सुलझा और खरीदी-बिक्री पर लगी रोक से छत्तीसगढ़ का नाम हटाया गया।
आधा दर्जन राज्यों के नाम गलती से जुड़े
छत्तीसगढ़ के साथ ही पांच और राज्यों महाराष्ट्र, मनीपुर, आंध्र प्रदेश, झारखंड, बिहार ने अपने नाम सूची में होने की जानकारी होने पर तत्काल इसके बारे में केंद्रीय मंत्रालय से संबंधित अधिकारियों को बताया कि उन पर भी किसी तरह का कोई बताया नहीं है। इसके बाद इन राज्यों के नाम भी सूची से हटाकर पोर्टल में सही जानकारी अपलोड की गई।
हम पर काेई बकाया नहीं
छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर वितरण कंपनी के एमडी मनाेज खरे ने बताया, छत्तीसगढ़ का नाम बकायादारों की सूची में गलती से जुड़ गया था। इसकी जानकारी होने पर तत्काल भुगतान की पूरी जानकारी देकर छत्तीसगढ़ का नाम हटवाया गया। हमारे राज्य पर कएक पैसा भी बकाया नहीं है। अब छत्तीसगढ़ पर किसी भी तरह से बिजली की खरीदी-बिक्री पर रोक नहीं है।



