RAU's IAS कोचिंग में हादसा: बेसमेंट में लाइब्रेरी, 3 की मौत - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

RAU’s IAS कोचिंग में हादसा: बेसमेंट में लाइब्रेरी, 3 की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली के RAU’S IAS COACHING CENTER में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया है. बारिश का पानी बेसमेंट में घुस गया है. बेसमेंट में लाइब्रेरी बनी है, जिसमें यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र फंस गए. तीन की मौत हो गई है. रेस्क्यू शुरू कर दिया गया. मेयर ने मौका मुआयना किया. उधर, जलमंत्री आतिशी ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं. उधर, छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है.

मौके पर पहुंचीं स्वाति मालीवाल
आप सांसद स्वाति मालीवाल ओल्ड राजेंद्र नगर में छात्रों के विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं. छात्रों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और कहा, ‘हम आपको राजनीति नहीं करने देंगे।’ कल एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भर जाने से 3 छात्रों की मौत हो गई.

आक्रोशित छात्र बोले- एसी कमरे से बाहर निकलें जिम्मेदार.
मंत्री आतिशी के मजिस्ट्रेट जांच के आदेश पर प्रदर्शनकारी छात्र ने कहा, “ज़िम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है. हम चाहते हैं कि सरकार से कोई यहाँ आए और उन सभी छात्रों की ज़िम्मेदारी ले जो अपनी जान गंवा चुके हैं. वे अपने एसी कमरों से ट्वीट करके या चिट्ठी लिखकर किसी का भविष्य कैसे सुधार रहे हैं?…”

गुस्साए छात्र बोले- यह आपदा नहीं, लापरवाही है
गुस्साए छात्रों ने कहा, “एमसीडी का कहना है कि यह एक आपदा है, लेकिन मैं कहूंगा कि यह पूरी लापरवाही है. आधे घंटे की बारिश में घुटनों तक पानी भर जाता है. आपदा एक ऐसी चीज है जो कभी-कभी होती है, मेरे मकान मालिक ने कहा कि वह पार्षद से पूछ रहे थे पिछले 10-12 दिनों से नाले की सफाई होनी चाहिए… पहली मांग है कि दोषियों पर कार्रवाई हो. तत्काल मांग है कि घायलों और मौतों की वास्तविक संख्या बताई जाए… आपदा प्रबंधन के लोगों ने बताया मुझे लगता है कि 8-10 लोगों की मौत हो गई है।

यूपीएससी के छात्रों ने कहा- सुरक्षा के कोई उपाय नहीं
राजेंद्र नगर हादसे के बाद छात्रों में काफी गुस्सा है. विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि सुरक्षा के प्रॉपर इंतजाम नहीं हैं. जान जोखिम में डालकर पढ़ाई हो रही है.

जलमंत्री आतिशी ने दिए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने और छात्रों के फंसने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच शुरू करने और 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है. AAP के विधायक दुर्गेश पाठक ने आशंका जताई कि आसपास नाला या सीवर फटने से पानी भरा होगा. उन्होंने कहा कि भाजपा जवाब दे कि 15 साल से उनका पार्षद था, क्या किया? वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, केजरीवाल, आतिशी और उनकी सरकार के भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए. दिल्ली नगर निगम के भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए. नाले की सफाई क्यों नहीं हुई?

पुलिस ने कहा- तीन छात्रों के शव बरामद, केस दर्ज
राजेंद्र नगर हादसे पर पुलिस का बयान है. पुलिस का कहना है कि डूबने से तीन छात्रों की मौत हुई है. इनके शव को बरामद कर लिया गया है. केस रजिस्टर्ड कर लिया गया है. जांच शुरू कर दी गई है.

 

Related Articles

Back to top button