प्रधानमंत्री मोदी की रैली से भाजपा करेगी छत्तीसगढ़ में चुनाव का आगाज

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव का आगाज भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से करने का फैसला किया है। केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर एक माह तक होने वाले कार्यक्रमों में देशभर में 51 रैलियां होंगी। रैली का प्रारंभ 30 या 31 मई को प्रधानमंत्री करेंगे। एक रैली छत्तीसगढ़ में कराने की तैयारी है। इसी के साथ हर लोकसभा में होने वाले सम्मेलनों में से कुछ में केंद्रीय मंत्रियों को बुलाने की तैयारी है।देशभर में होने वाली 51 रैलियों में से एक या दो रैलियां उन राज्यों में भी होंगी, जहां पर इस साल चुनाव होने हैं। ऐसे राज्यों में छत्तीसगढ़ भी शामिल है। यहां पर होने वाली एक बड़ी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की संभावना है। इसको लेकर तैयारी की जा रही है। भाजपा का बड़ा फोकस यूं तो बस्तर और सरगुजा पर है, लेकिन प्रधानमंत्री की रैली राजधानी रायपुर में भी संभव है।
मोदी करेंगे बूथ के कार्यकर्ताओं से बात
महासंपर्क अभियान का कार्यक्रम 30 मई से 30 जून तक चलेगा। प्रधानमंत्री वर्चुअल देशभर के कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से 29 जून को बात करेंगे। दस कार्यकर्ताओं से बात कराने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं से भी बात करेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान आम लोगों से भी चर्चा करेंगे। सोशल मीडिया की बढ़ती लोकप्रियता काे देखते हुए केंद्रीय मंत्री बाकायदा इन सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से मुलाकात करेंगे। हर लोकसभा में एक सम्मेलन करने का भी फैसला किया गया है। इन सम्मेलनों में से कुछ में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय नेता आएंगे। इसी के साथ हर लोकसभा में 250 परिवारों से संपर्क भी किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने महासंपर्क अभियान के बारे में मार्गदर्शन दिया।
आंदोलनों की बनी रणनीति
कार्यसमिति में प्रदेशभर में राज्य सरकार के खिलाफ किए जाने वाले आंदोलनों को लेकर भी रणनीति बनाई गई। इसमें मुख्य रूप से सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजयुमो का आंदोलन, शराबबंदी काे लेकर महिला मोर्चा का आंदोलन, तेंदूपत्ता और गोठनों को लेकर प्रदेश संगठन का बड़ा आंदोलन शामिल है।



