पूर्व मंत्री बृजमोहन की बेटी की शादी में आएंगे ये VVIP

रायपुर. प्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल की पुत्री डॉ. शुभकीर्ति अग्रवाल का विवाह 6 फरवरी को होने वाला है। इसके लिए कृषि कॉलेज के सामने 45 एकड़ में बड़ा डोम बनाकर विवाह समारोह की तैयारी की जा रही है। विवाह में हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। इसमें कई केंद्रीय मंत्री और मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ और कई राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश के कई मंत्री भी आशीर्वाद देने पहुंचेंगे।भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल का कद बड़ा माना जाता है, वे छत्तीसगढ़ के पहले मप्र में भी मंत्री रहे हैं। ऐसे में जबकि उनकी पुत्री का विवाह हो रहा है तो इसकी बड़े पैमाने पर तैयारी हो रही है। विवाह के लिए कोई भी होटल छोटा पड़ सकता है, इसको देखते हुए कृषि कॉलेज के सामने 45 एकड़ में डोम बनाए जा रहे हैं, ताकि विवाह समारोह में आने वालों को परेशानी न हो। वहां पर पार्किंग भी बड़े पैमाने पर हो सकती है।
ये वीआईपी आएंगे
विवाह समारोह में कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ वीआईपी आएंगे। अब तक जिनका आना तय है हुआ है, उनमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, रामेश्वर वैष्णो, धर्मेंद्र प्रधान के साथ ही कैलाश विजयवर्गीय, मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और लगभग सभी मंत्री आएंगे। इसके अलावा और कई केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्री भी आएंगे। त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस, छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके, जम्मू कश्मीर के राज्यपाल के साथ और कई राज्यों के राज्यपाल भी आएंगे। इसी के साथ भाजपा के कई राष्ट्रीय नेता भी पहुंचेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही सभी मंत्रियों के भी आने की संभावना है। प्रदेश के सभी मंत्रियों से श्री अग्रवाल के व्यक्तिगत संबंध हैं। प्रदेश के सारे विधायक और सांसद भी विवाह समारोह में शामिल होंगे।



