पूनम उरांव ने रचा इतिहास, 50 किलो वर्ग में जीता पहला स्वर्ण पदक - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

पूनम उरांव ने रचा इतिहास, 50 किलो वर्ग में जीता पहला स्वर्ण पदक

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आयोजित देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ में झारखंड की बेटी पूनम उरांव ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 50 किलोग्राम वर्ग की कुश्ती स्पर्धा में पहला स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। चतरा जिले की रहने वाली पूनम ने शानदार तकनीक और दमदार प्रदर्शन के दम पर देशभर के खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए यह गौरव हासिल किया, जिससे उनके राज्य और उरांव जनजाति का नाम रोशन हुआ।

पूनम की यह जीत सिर्फ एक पदक तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके संघर्ष, साहस और दृढ़ संकल्प की मिसाल भी है। वर्ष 2019 में दिल्ली में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता के दौरान लगी गंभीर चोट के कारण उन्हें लंबे समय तक अखाड़े से दूर रहना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते हुए वापसी की। मांसपेशियों में तकलीफ के बावजूद ‘टेपिंग’ के सहारे उन्होंने मुकाबले खेले और अपने प्रतिद्वंद्वियों को तकनीक व मानसिक मजबूती से परास्त कर दिया। जीत के बाद भावुक पूनम ने कहा कि 8 साल के लंबे अंतराल और चोट से उबरने के बाद इस पहले ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण जीतना उनके और उनके परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण है।

एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूनम फिलहाल रांची के खेलगांव में प्रशिक्षण ले रही हैं। उनके पिता ने ही उन्हें कुश्ती के ट्रायल्स में भाग लेने के लिए प्रेरित किया था। पूनम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच को देते हुए कहा कि कठिन समय में उनके मार्गदर्शन और समर्थन ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद पूनम का आत्मविश्वास और भी मजबूत हुआ है। अब उनका अगला लक्ष्य छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले जूनियर नेशनल्स में शानदार प्रदर्शन करना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए तिरंगा लहरा सकें।

Related Articles

Back to top button