रियल टाइम्स फॉलोअप: रियल एस्टेट में 2022 में रिकॉर्डतोड़ 273 नई योजनाएं हुई लांच - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessCity

रियल टाइम्स फॉलोअप: रियल एस्टेट में 2022 में रिकॉर्डतोड़ 273 नई योजनाएं हुई लांच

रायपुर। रियल एस्टेट के लिए बीता साल बहुत अच्छा गया है। इसमें नई योजनाओं की बाढ़ आ गई है। यही वजह है कि दाे दिन पहले समाप्त हुए 2022 में रियल एस्टेट में रिकॉर्डतोड़ 273 योजना लांच हुई हैं। जो नई योजनाएं आ रही हैं, उसमें देखने वाली बात यह है कि ज्यादातर योजनाओं में जो घर बन रहे हैं, उनमें महंगे घरों पर ज्यादा फोकस है। घर खरीदने वाले इस समय उच्च वर्ग के लोग ज्यादा हैं। इसी के साथ वो लोग भी घर ले रहे हैं जिनके पास अपने घर नहीं हैं। ऐसे लोगों के लिए छोटे मकान भी बन रहे हैं। लेकिन ये मकान बहुत कम बन रहे हैं। कुल मिलाकर रीयल एस्टेट में भारी संख्या में मकान बन रहे हैं।पूरे देश भर में उच्च वर्ग की खरीदारी में इजाफा हुआ है। इसी के साथ गरीब तबका भी खरीदारी के मामले में आगे है। मध्यम वर्ग की खरीदारी कम हुई है। अब यह वर्ग सोच समझकर ही खर्च कर रहा है। सबसे ज्यादा पैसे खर्च करने वाला उच्च वर्ग ही है। यही वजह है कि अब रीयल एस्टेट में भी इसी वर्ग को ध्यान में रखकर ज्यादातर घर बन रहे हैं। 2021 में कोरोना के बाद रियल एस्टेट में त्योहारी सीजन में बहुत घर बिके। करीब छह सौ करोड़ का कारोबार हुआ है। इस काराेबार की रफ्तार ने पहले ही अहसास करा दिया था कि आने वाला साल रीयल एस्टेट के लिए बड़ा अच्छा साल होने वाला है। यह पिछले साल देखने को मिला। इस साल हजार करोड़ से ज्यादा के मकान बिके।
पहली बार रिकार्ड योजनाएं
रियल एस्टेट से जुड़ी हर योजना को अब रेरा से मंजूरी लेनी पड़ती है। चाहे वह सरकारी योजना हो या फिर निजी योजना उनको रेरा में पंजीयन के बिना प्रारंभ नहीं किया जा सकता है। रेरा में जब फरवरी 2018 से पंजीयन प्रारंभ हुआ तो यही साल ऐसा रहा, जिसमें रिकॉर्डतोड़ 897 योजनाओं का पंजीयन हुआ। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि हर बिल्डर को अपनी पुरानी योजनाओं का भी पंजीयन कराना जरूरी था। दूसरे साल पुरानी और नई योजनाओं को मिलाकर 192 योजनाएं मंजूर हुईं।2020 में कोरोनाकाल होने के बाद भी 100 नई योजनाओं का पंजीयन रेरा में हुआ। 2021 में पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा और 136 नई योजनाओं का पंजीयन हुआ। 2022 में योजनाओं की बाढ़ आई। इस साल जनवरी में 20 योजनाएं लांच हुईं। अगले माह फरवरी में यह रिकॉर्ड टूटा और 23 योजनाएं आईं। मार्च में भी फरवरी का रिकॉर्ड टूटा और 26 योजनाओं का पंजीयन रेरा में हुआ। इसके बाद अप्रैल में नया रिकॉर्ड बना और 36 योजनाएं पंजीकृत हुई हैं। मई और जून में 19-19 योजनाएं लांच हुई हैं। जुलाई में रिकॉर्डतोड़ 44 योजनाएं लांच हुईं। इसके बाद अगस्त में 18, सितंबर में 21, अक्टूबर में 11, नवंबर में सबसे कम चार और
दिसंबर में 28 योजनाएं आईं। कुल मिलाकर बीते साल में 273 नई योजनाएं लांच हुई हैं।

Related Articles

Back to top button