नारायणपुर के 39 उचित मूल्य के दुकानों में तीन महीने के राशन का हुआ भंडारण

नारायणपुर। जिले के अंदरूनी इलाकाें में बारिश के मौसम में सड़क संपर्क टूटने और परिवहन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहुंचविहीन क्षेत्रों की 39 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में जुलाई से सितंबर तक के लिए तीन महीने के राशन का भंडारण कर दिया है। बारिश के दौरान भी राशन कार्डधारियों को समय पर राशन मिल सके और वितरण व्यवस्था प्रभावित न हो।
जिला प्रशासन के अनुसार जिन गांवों तक बरसात में पहुंचना मुश्किल हो जाता है, वहां की राशन दुकानों में स्टॉक पूरा कर लिया गया है। इससे हितग्राहियों को मानसून के दाैरान राशन उपलब्ध कराने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
कलेक्टर नम्रता जैन ने खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है। अधिकारियों को अलग-अलग राशन दुकानों का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन करने और वितरण व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी कड़ी में रविवार काे उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. आरके. पड़ौती ने ओरछा विकासखंड के झारावाही गांव स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन महीने के लिए रखे गए खाद्यान्न की उपलब्धता और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई।
खाद्य विभाग के अनुसार जिले की सभी 39 पहुंचविहीन राशन दुकानों में 100 प्रतिशत खाद्यान्न भंडारण का काम पूरा हो चुका है। प्रशासन का कहना है कि बरसात के दौरान भी दूरस्थ और दुर्गम गांवों के पात्र हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।



