बदलाव की बयार में उड़े बृजमोहन, अजय और प्रेम प्रकाश जैसे दिग्गज - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बदलाव की बयार में उड़े बृजमोहन, अजय और प्रेम प्रकाश जैसे दिग्गज

रायपुर(realtimes) भाजपा का राष्ट्रीय संगठन हर हाल में इस बार छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव जीतना चाहता है। यही वजह है कि वह किसी भी तरह के बड़े बदलाव से परहेज नहीं कर रहा है। प्रदेश भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए जो घोषणा पत्र समिति बनाई है, उसमें पहली बार भाजपा के दिग्गज नेताओं बृजमोहन अग्रवाल, प्रेमप्रकाश पांडेय और अजय चंद्राकर काे बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।  इसके पहले चार बार बनी समिति में जहां लगातार बृजमोहन अग्रवाल संयोजक रहे हैं, वहीं बाकी सदस्य रहते थे। पहली बार सह संयोजक भी बनाए गए हैं। इसी के साथ सदस्यों की संख्या को भी थोक में दाे दर्जन से ज्यादा कर दिया गया है। इसके पहले मुश्किल से एक दर्जन सदस्य होते थे।

प्रदेश भाजपा में लगातार बदलाव का दौर चल रहा है। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने एक दिन पहले ही घोषणा पत्र समिति का ऐलान किया है। आमतौर पर अब तक जितने भी चुनाव हुए हैं, उसमें वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ही संयोजक रहते थे, लेकिन इस बार की समिति में जहां दुर्ग के सांसद विजय बघेल को संयोजक बनाया गया है, वहीं श्री अग्रवाल को समिति में स्थान भी नहीं दिया गया है। इसी के साथ अब तक सदस्य के रूप में समिति में रहने वाले वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय के साथ ही अजय चंद्राकर को भी नहीं रखा गया है। भाजपा के इन नेताओं की तिकड़ी को काफी अच्छा माना जाता है। इनकी हमेशा से घोषणा पत्र बनाने में अहम भूमिका रही है, लेकिन इनको ही आउट कर दिया गया है।
पहली बार तीन सह संयोजक
इसके पहले चार बनी घोषणा पत्र समिति में एक संयोजक के अलावा एक दर्जन से भी कम सदस्य होते थे, लेकिन पहली बार एक साथ तीन सह संयोजक बनाए गए हैं। इसी के साथ सदस्यों के रूप में सवा दाे दर्जन सदस्य रखे गए हैं। इन सदस्यों में कई नाम ऐसे हैं जिनको कोई जानता भी नहीं है। इसके बारे में भाजपा के ही नेता कह रहे हैं कि इनको कोई जानकारी नहीं है, ऐसे लोगों को सदस्य बनाने का क्या मतलब है। अगर ज्यादा से ज्यादा जिलों को महत्व ही देना था तो किसी भी जिले में दिग्गज नेताओं की कमी नहीं है। उनको सदस्य बना देते।
सबसे करेंगे रायशुमारी: बघेल
घोषणा पत्र समिति के संयोजक विजय बघेल का कहना है, जल्द ही सबसे पहले समिति की बैठक करेंगे। इसमें तय किया जाएगा कि क्या करना है। यह बात तय है कि पूरे प्रदेश में विधानसभाओं का दौरा करके सबसे रायशुमारी करके ही घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। जिनके साथ छलावा हुआ है उनकी भावनाओं से भी अवगत होकर उनके लिए भी काम किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास को अहमियत देंगे। सबके लिए घोषणा पत्र में स्थान रहेगा। समिति में कई अनुभवी और वरिष्ठ नेता सह संयोजक और सदस्य हैं, उनके अनुभव का पूरा लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button