धनतेरस से पहले बाजार बूम, पुष्य नक्षत्र पर जमकर बरसा धन - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessCity

धनतेरस से पहले बाजार बूम, पुष्य नक्षत्र पर जमकर बरसा धन

रायपुर. धनतेरस से पहले पुष्य नक्षत्र पर को बाजार में जमकर धन बरस रहा है। शुभ मुर्हूत में आज भी जमकर खरीदारी होगी। रविवार होने के बाद भी सराफा बाजार सुबह से लेकर रात तक खुला रहेगा। प्रदेश में सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा बाजार और रीयल एस्टेट के साथ अन्य सेक्टर को मिलाकर एक ही दिन में 15 सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार हो गया।
त्योहारी सीजन में प्रदेश भर में जमकर कारोबार हो रहा है। अब धनतेरस के पहले पुष्य नक्षत्र पर बाजार में भारी रौनक रही। राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश के सभी शहरों के बाजारों में लोगों से शुभ मुर्हूत में सुबह से लेकर देर रात कर खरीदारी की। रविवार को भी शुभ मुर्हूत है। इसलिए लोगों ने पहले से सराफा में जहां जेवरों की बुकिंग करा ली है, वहीं वाहनों की भी रविवार के लिए भारी संख्या में बुकिंग है। भले मुर्हूत सुबह 10.30 बजे तक का है, लेकिन पहले से बुकिंग होने के कारण ग्राहक रविवार को किसी भी समय अपने गहने और वाहन ले जाने का काम करेंगे। अब अगले सप्ताह धनतेरस पर बाजार आज से ज्यादा गुलजार रहेगा।
सराफा में जमकर बरसा धन
पुष्य नक्षत्र पर सबसे बड़ा कारोबार सराफा बाजार में हुआ है। पुष्य नक्षत्र को सोने और चांदी की खरीदारी के लिए सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है। सराफा में धनतेरस से कुछ ही कम कारोबार पुष्य नक्षत्र पर होता है। सराफा कारोबारियों के मुताबिक एक ही दिन में पूरे प्रदेश में सात से आठ सौ करोड़ का कारोबार हुआ है। रायपुर में ही तीन सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की संभावना है। रायपुर सराफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण लाहोटी का कहना है राजधानी रायपुर के साथ पूरे प्रदेश में अच्छा कारोबार हुआ है। रविवार को भी जमकर कारोबार होगा।
वाहनों की भी जमकर खरीदारी
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी सुबह से लेकर रात कर वाहनों की जमकर खरीदारी हुई है। रविवार को भी वाहनों की बिक्री होगी। थोक में ग्राहकों ने कल के लिए भी बुकिंग करवाई है। इस समय दो पहिया वाहनों की बिक्री टॉप गियर में है। पिछले माह ही 75 हजार वाहन बिके हैं। इसमें 70 हजार के आस-पास दो पहिया वाहन है। पुष्य नक्षत्र पर पूरे प्रदेश में दोपहिया के साथ चार पहिया वाहन भी बिके हैं। तीन सौ करोड़ के आस-पास काराेबार होने का अनुमान है। जीके होंडा के संचालक पुनीत पारवानी के मुताबिक पुष्य नक्षत्र में भी धनतेरस की तरह अच्छा कारोबार होता है। इस बार भी अच्छा कारोबार हुआ है। अब कारोबारियों को धनतेरस का इंतजार है।
इलेक्ट्रॉनिक्स-रीयल एस्टेट भी रहा गुलजार
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार और रीयल एस्टेट में भी जमकर धन बरसा। बिल्डरों के मुताबिक पुष्य नक्षत्र पर ज्यादा कारोबार तो नहीं हुआ है, लेकिन फिर भी पूरे राज्य में दो सौ करोड़ के आस-पास कारोबार होने की संभावना है। इसी तरह से इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में अच्छा कारोबार हुआ। एलईडी, कंप्यूटरों, फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक आइटमों के साथ मोबाइल को मिलाकर तीन सौ करोड़ का कारोबार हुआ है। इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी राजेश वासवानी के मुताबिक रायपुर के साथ प्रदेश के हर शहर का बाजार पुष्य नक्षत्र पर गुलजार रहा।
कपड़ा बाजार में भी रौनक
पंडरी कपड़ा बाजार में सुबह से लेकर रात तक भारी रौनक रही। इसी के साथ प्रदेश के कपड़ा बाजार में भी जमकर खरीदारी हुई है। पंडरी कपड़ा बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदर विदानी के मुताबिक दीपावली के बाद शादियों का सीजन प्रारंभ होगा। पुष्य नक्षत्र को शादियों के लिए कपड़ा खरीदने के लिए शुभ माना जाता है। इसलिए आज तो अच्छा कारोबार हुआ है, रविवार को भी अच्छा कारोबार होगा। पूरे प्रदेश में तीन सौ करोड़ के कारोबार का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button