देश भर के संत करेंगे छत्तीसगढ़ में पदयात्रा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

देश भर के संत करेंगे छत्तीसगढ़ में पदयात्रा

हिंदू राष्ट्र का जगाएंगे गांव-गांव में अलख

रायपुर। हिंदू राष्ट्र काे लेकर विश्व हिंदू परिषद ने छत्तीसगढ़ में बड़ी मुहिम चलाने का फैसला किया है। छत्तीसगढ़ शाखा द्वारा हिंदू स्वाभिमान जागरण संत पदयात्रा महाशिवरात्रि के दिन से प्रदेश की चारों दिशाओं से निकलेगी। इस यात्रा में प्रदेश के साथ ही देशभर के संत शामिल होंगे। यात्रा का आगाज एकसाथ होगा। यात्रा का समापन एक माह बाद 19 मार्च को रायपुर में धर्मसभा के साथ होगा।यात्रा में देश भर के संत जुटेंगे, यही नहीं ये संत अपनी यात्रा में जिन भी गांवों तक जाएंगे, वहां पर हिंदू राष्ट्र का अलख जगाने का काम करंगे।

अलग-अलग दिशाओं से होने वाली यात्रा में मां महामाया से प्रारंभ होने वाली यात्रा सबसे पहले रामानुजगंज पहुंचेगी और यहां से आगे बढ़ेगी। बलरामपुर, तातापानी से होते हुए यात्रा सिमगा से होकर रायपुर पहुंचेगी। इसी तरह से मां चंद्रहासिनी के दरबार से प्रारंभ होने वाली यात्रा सांगरा आश्रम जशपुर से होते हुए शिवरीनारायण, बलौदाबाजार, पलारी, खरोरा होते हुए रायपुर आएगी। बस्तर के दंतेवाड़ा से मां दंतेश्वरी के दरबार से निकलने वाली यात्रा जगदलपुर, कांकेर, धमतरी, कुरुद, राजिम, अभनपुर होते हुए रायपुर आएगी। मां बम्लेश्वरी के दरबार डोंगरगढ़ से निकलने वाली यात्रा खैरागढ़, मुंगेली, धमधा, बालोद, दुर्ग, भिलाई होते हुए रायपुर पहुंचेगी।

300 से ज्यादा संत होंगे शामिल

यात्रा में छत्तीसगढ़ के कई समाज के संतों के साथ ही वृंदावन, बनारस, अयोध्या सहित कई स्थानों से करीब 300 संत यात्रा में शामिल होंगे। इसी के साथ सभी समाज के लोग भी यात्रा में शामिल होंगे। शामिल होने वाले संतों में हरिद्वार के ज्ञानेश्वरानंद महाराज, मुंबई से स्वामी चिन्मयानंद, राजीव लोचन दास महाराज, हरिहरानंद, स्वामी अखिलेश्वरानंद, जितेंद्रानंद, अविचल दास और रायपुर के संत युधिष्ठिर लाल आदि इस यात्रा में प्रमुख रूप से शामिल होंगे। श्रीराम जन्मभूमि न्यास क्षेत्र के सचिव चंपत राय भी मौजूद रहेंगे।

करेंगे हिंदू समाज को जागृत

स्वामी सर्वेश्वर दास महाराज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया, संत समाज छत्तीसगढ़ राज्य के चार पवित्र मातृ सिद्धपीठों से इन यात्राओं का श्रीगणेश करेगा। प्रमुख शक्तिपीठों से होते हुए पदयात्रा गिरि कंदराओं,वनों, ग्रामों और झुग्गी बस्तियों के बंधु बांधवों के घर- घर और जन-जन से जुड़ेगी। हिंदू समाज के अंग अपनों के संग सनातन धर्म की चर्चा वाली संगत और उनके साथ सहभोज की पंगत सजेगी। सर्व समाज से जुड़े संत-महात्मा समाज के सभी प्रमुखों और प्रधानों को साथ लेकर हिंदू समाज को जागृत करने का काम करेंगे। जाति पाति, भाषा, पंथ एवं राजनीतिक विचारधारा की संकीर्णता को त्यागकर सनातन पहचान को एक स्वर में एकाकार करने का आह्वान किया जाएगा। हिंदू स्वाभिमान जागरण संत पदयात्रा के संयोजक और विश्व हिंदू परिषद के कार्याध्यक्ष चंद्रशेखर वर्मा ने बताया कि देश में आज एक ओर सनातन धर्म को चोट पहुंचाने के षडयंत्र चल रहे हैं तो दूसरी ओर जनसंख्या का बढ़ता असंतुलन, धर्मांतरण, तस्करी, लव जिहाद और भूमि जिहाद जैसी विकट समस्याएं देश के समक्ष बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हैं।

Related Articles

Back to top button