दिल्ली में भाजपा का बस्तर पर मंथन - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

दिल्ली में भाजपा का बस्तर पर मंथन

रायपुर(realtimes) विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा बस्तर में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर का बस्तर दौरे में नक्सली घटना के कारण बैठकों का दौर पूरा नहीं हो सका था। ऐसे में बस्तर संभाग के नेताओं को दिल्ली तलब करके वहां पर बैठक ली जा रही है। इस बैठक को भाजपा नेता सामान्य प्रक्रिया बता रहे हैं। पर बस्तर पर भाजपा का बड़ा फोकस होने के कारण इस तरह की बैठक का अपना महत्व है।
प्रदेश में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। भाजपा का बस्तर पर सबसे ज्यादा फोकस है, क्योंकि बस्तर में भाजपा का इस समय एक भी विधायक नहीं है। भाजपा को पिछले चुनाव में बस्तर में एक ही सीट दंतेवाड़ा की मिली थी। लेकिन भीमा मंडावी के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर भी कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। भाजपा अब इस बार होने वाले विधानसभा चुनाव में बस्तर में फिर से ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत चाहती है। यही वजह है कि बस्तर का भाजपा के राष्ट्रीय नेता भी लगातार दौरा कर रहे हैं। वहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभा के बाद गृहमंत्री अमित शाह का भी दौरा हो चुका है। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर पिछले माह वहां के तीन दिनों के दौरे पर गए थे, लेकिन इस दौर में वहां हुई नक्सली घटना के कारण श्री माथुर को दंतेवाड़ा की बैठक को रद्द करना पड़ा।
अब दिल्ली में बैठक
बस्तर दौर में श्री माथुर की बैठकें पूरी न होने के बाद अब उनका बस्तर का दूसरा दौरा कब होगा यह अभी तय नहीं है, लेकिन इस बीच राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर श्री माथुर ने बस्तर के नेताओं को दिल्ली तलब किया गया है। दिल्ली जाने वाले नेताओं में प्रदेश के महामंत्री केदार कश्यप, बस्तर के प्रभारी सांसद संतोष पांडेय के साथ ही संतोष बाफना, शैलेंद्र भदौरिया और कुछ अन्य नेता शामिल हैं। इनके साथ विधानसभा चुनाव को लेकर बस्तर संभाग पर मंथन होगा। बस्तर की पूरा रिपोर्ट भी प्रदेश प्रभारी लेंगे।

Related Articles

Back to top button