मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार

नई दिल्ली. कथित शराब नीति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया है।

गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाने से जुड़ी याचिका खारिज कर दी थी।

इसके बाद ED की 8 से 10 अधिकारियों की टीम सर्च वारंट लेकर केजरीवाल के घर पहुंची थी और 2.5 घंटे पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

क्या है शराब नीति मामला?

दिल्ली सरकार ने नवंबर, 2021 में नई शराब नीति लागू की थी। इसमें शराब के ठेके निजी शराब कंपनियों को दिए गए थे।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस नीति में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए इसकी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की सिफारिश की। बाद में ED भी जांच में शामिल हो गई।
आरोप है कि दिल्ली सरकार ने शराब कंपनियों से रिश्वत लेकर उन्हें नीति के जरिए लाभ पहुंचाया और शराब के ठेके दिए।

गिरफ्तार होने वाले पहले मुख्यमंत्री बने केजरीवाल

केजरीवाल भारत के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। उनसे पहले जे जयललिता, लालू प्रसाद यादव और हाल ही में हेमंत सोरेन जैसे नेताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन उन्होंने गिरफ्तारी से पहले ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे और वे जेल से ही सरकार चलाएंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल की याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार किया

जब ED की टीम केजरीवाल के घर पहुंची तो उनके वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी। हालांकि, कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया और वह कल इस पर सुनवाई करेगी।

ED ने केजरीवाल को जारी किए थे 9 समन

शराब नीति मामले में ED केजरीवाल को अब तक 9 समन जारी कर चुकी है, लेकिन वे एक बार भी पेश नहीं हुए। उन्हें आखिरी समन 17 मार्च को जारी किया गया, जिसमें आज 21 मार्च को पेश होने को कहा गया।

केजरीवाल ने समन को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन वहां से राहत नहीं मिली।

Related Articles

Back to top button