दाे-चार दिनाें में आएगी भाजपा की दूसरी सूची, दो दर्जन प्रत्याशियों का ऐलान संभव

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में इस साल हाेने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने एक और सूची लाने की पूरी तैयारी कर ली है। पहले इस सूची में करीब एक दर्जन नामों पर मुहर लगाने की तैयारी थी, लेकिन अब करीब दो दर्जन प्रत्याशियों के नामों का ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है। दाे चार दिनाें में सूची घोषित होने की बात की जा रही है। आश्चर्य नहीं हाेगा अगर भाजपा आज शाम या फिर कल तक भी सूची घोषित कर दे। भाजपा की ज्यादातर प्रत्याशियों का ऐलान अगले माह तक करने की भी तैयारी है। प्रत्याशियों को लेकर मंथन हो गया है और सभी विधानसभाओं के दावेदारों के नामों का पैनल भी राष्ट्रीय संगठन को दे दिया गया है। अब फैसला दिल्ली से होना है। वहां से दूसरी सूची का ऐलान कभी भी हो सकता है। दो दिन तो रक्षाबंधन में निकल जाएंगे। इसी के साथ सूची आएगी।
भाजपा ने कांग्रेस की पहली सूची जारी होने से पहले ही अपनी दूसरी सूची जारी करने की तैयारी की है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लगने के तीन माह पहले ही 21 विधानसभाओं के प्रत्याशी घोषित करके सबको चौंका दिया है। इन 21 सीटों में से 19 सीटें ऐसी हैं जहां पर भाजपा दो बार या इससे ज्यादा बार नहीं जीत सकी है। इसी के साथ मरवाही और खरसिया की सीट ऐसी है, जहां पर भाजपा को कभी जीत नहीं मिली है। इसी के साथ सीतापुर, कोंटा, कोटा और पाली तानाखार की सीटें भी ऐसी हैं, जहां पर भाजपा का जीत का खाता नहीं खुला है। इन चार सीटों के साथ करीब और डेढ़ दर्जन से ज्यादा सीटों पर भी भाजपा के प्रत्याशियों का ऐलान जल्द हाेगा। कांग्रेस अपनी पहली सूची का सितंबर में ऐलान करने वाली है। इसके पहले भाजपा अपनी दूसरी सूची लाने की तैयारी में है।
सर्वे और पर्यवेक्षक भेजकर जुटाई जानकारी
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने छत्तीसगढ़ की एक-एक विधानसभा की पूरी जानकारी जुटाने का काम किया है। इसके लिए जहां राष्ट्रीय संगठन ने अपने स्तर पर दो सर्वे करवाएं, वहीं अमित शाह की टीम ने अलग से सर्वे किया। इसी के साथ आईबी की टीम ने भी एक सर्वे किया। इसके अलावा प्रदेश संगठन का भी एक सर्वे हुआ है। सारे सर्वे के बाद 21 विधानसभाओं को छोड़कर बाकी में पर्यवेक्षक भी भेजे गए और उनकी रिपोर्ट भी ली गई है। इसी आधार पर ही अब फैसला किया जाएगा।
अब नजरें इन सीटों पर
भाजपा ने सर्वे करके यह जानने का प्रयास किया है कि किस विधानसभा में क्या स्थिति है। इसके बाद सभी विधानसभाओं को चार वर्गों में बांटा गया है। इसमें डी वर्ग में उन विधानसभाओं को रखा गया है जहां पर पार्टी को छत्तीसगढ़ बनने के बाद से अब तक जीत नहीं मिली है। ऐसी सीटों में आधा दर्जन सीटें शामिल हैं। इनमें से दो सीटें मरवाही और खरसिया के लिए तो प्रत्याशियों का ऐलान हाे चुका है, अब बची चार सीटों पर भी प्रत्याशियों का ऐलान करने की तैयारी है। इन सीटों के साथ-साथ और कई ऐसी सीटों के प्रत्याशी भी घोषित किए जा सकते हैं, जहां पर इस समय भाजपा के विधायक नहीं हैं और जहां पर बहुत कम अंतर से हार मिली है।



