आईईटी 11 ने मैच तो सिद्धार्थ ने जीता दिल - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

आईईटी 11 ने मैच तो सिद्धार्थ ने जीता दिल

लखनऊ । डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय का रजत जयंती वर्ष समारोह सात मई 2024 से आठ मई 2025 तक मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य पर विश्वविद्यालय परिसर में इंट्रा यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स टूर्नामेंट के क्रिकेट मैच में सोमवार को आईईटी 11 की टीम ने कैश 11 को 46 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी आईईटी 11 की टीम ने मैन ऑफ द मैच विजय कुमार के अर्धशतक के दम पर 10 ओवर में 123 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। एक ओर जहां कैश के अन्य गेंदबाजों ने काफी रन लुटाये तो गौरव राय ने अपने दो ओवर में मात्र छह रन देकर दो विकेट भी झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैश 11 की शुरूआत ठीक रही। कप्तान डॉ0 अनुज कुमार शर्मा ने दो छक्के लगाकर अपने हाथ खोले। हालांकि उनकी पारी ज्यादा देर तक चल नहीं सकी।

वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज सिद्धार्थ ने एक छोर से रन गति को बनाये रखा । जबकि दूसरे ओर से लगातार विकेटों का पतन हो रहा था। सिद्धार्थ ने अकेले दम पर कैश 11 को मैच में वापसी कराने के लिए संघर्ष किया। चार गगनचुंबी छक्के भी लगाये। लेकिन 44 रन बनाने के बाद तेज गति से रन बनाने के चक्कर में अपना विकेट गंवा दिया। इसके बाद पूरी टीम 77 रन ही बना सकी।

इस दौरान कैश के निदेशक प्रो0 वीरेंद्र पाठक, प्रो0 अरूणिमा वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।इसके अलावा बैडमिंटन प्रतियोगिता में पुरूष एकल के सेमीफाइनल में वीसी 11 के शिशिर द्विवेदी एफ ओ ए पी के वैभव के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ. दोनों ने एक-एक सेट जीतकर मैच को बराबरी पर ला दिया था. लेकिन सुशील द्विवेदी की तबीयत खराब होने से एफ ओ ए पी को वॉकओवर मिल गया।

Related Articles

Back to top button