जननायक जनता पार्टी का एक ही लक्ष्य राजस्थान से कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना : चौटाला  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

 जननायक जनता पार्टी का एक ही लक्ष्य राजस्थान से कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना : चौटाला 

श्रीगंगानगर । अगले माह नवंबर में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर जननायक जनता पार्टी ने तैयारियों तेज कर दी है। जेजेपी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला की कर्मभूमि नोहर से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। हरियाणा सरकार के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने नोहर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर क्षेत्र में मेगा रोड शो करके जनसंपर्क किया। जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला की देखरेख में राजस्थान जेजेपी द्वारा हो रहे जन संकल्प यात्रा के कार्यक्रम के दौरान जगह-जगह पर स्थानीय लोगों द्वारा उपमुख्यमंत्री चौटाला का जोरदार स्वागत किया गया।

चौटाला ने कहा कि जेजेपी राजस्थान में बदलाव लाना चाहती है, क्योंकि आज सभी वर्ग राजस्थान की मौजूदा कांग्रेस सरकार से बहुत परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास कार्य न करवाकर केवल प्रदेश को बर्बाद करने का काम किया है। कांग्रेस राज में अपराध, पेपर लीक, बेरोजगारी, अवैध माइनिंग के मामले तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार जात-पात के नाम पर जहर फैलाने वाले व्यक्ति को रातों-रात राजस्थान पब्लिक सर्विस कमीशन का सदस्य बना देती है, ये सब जनता देखती है।

उप मुख्यमंत्री चौटाला ने कहा कि राजस्थान के साथ उनका लगाव बेहद पुराना है। उन्होंने कहा कि नोहर और दातारामगढ़ से विधायक रह चुके जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने सीकर रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं को चाबी का निशान होगा, मुख्यमंत्री किसान होगा का संकल्प दिया था और हम सब मिलकर मजबूती के साथ इस संकल्प को पूरा करने के लिए जुटे हुए है।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी राजस्थान में 25 से 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही है और मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि नवरात्रे में जेजेपी अपने उम्मीदवारों की प्रथम सूची जारी कर देगी।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हमारा प्रयास है कि राजस्थान विधानसभा का ताला जेजेपी की चाबी से खोलकर गरीब, किसान, कमेरे, युवा, महिला वर्ग के हित में बड़े बदलाव लेकर आएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान में विकास करवाना जेजेपी का मकसद है। शुक्रवार को जेजेपी ने जन संकल्प यात्रा के रूप में इस मेगा रोड शो की फेफाना गांव से शुरुआत की।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व में सैकड़ों गाड़ियों का काफिला रोड शो में शामिल हुआ। यह संकल्प यात्रा अपने प्रथम चरण में फेफाना, नोहर शहर, रावतसर, सूरतगढ़ शहर, राजियासर, बिडवाना, रघुनाथपुरा, जैतसर पुली, सरदारपुरा बिका आदि स्थानों तक पहुंची। जिस-जिस स्थान से यह जन संकल्प यात्रा गुजरी वहां बड़ी संख्या में लोगों ने दुष्यंत चौटाला का पुष्पवर्षा से स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button