छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ा एनकाउंटर, 31 नक्सलियों के शव बरामद, CM बोले- नक्सलवाद का खात्मा करेंगे - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ा एनकाउंटर, 31 नक्सलियों के शव बरामद, CM बोले- नक्सलवाद का खात्मा करेंगे

छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को सबसे बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन हुआ। सुरक्षाबलों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी के शव भी बरामद कर लिए गए हैं।

बस्तर। छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित नारायणपुर ज़िले में शुक्रवार को साल का सबसे बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन हुआ। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी नक्सलियों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। IG बस्तर पी सुंदरराज ने इसे अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन बताया है। 

सुंदरराज ने शनिवार सुबह कहा कि मुठभेड़ में अब तक कुल 31 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। तलाशी अभियान जारी है। CRPF/DRG के अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भेजे गए हैं। एलएमजी राइफल, एके 47 राइफल, एसएलआर राइफल, इंसास राइफल, कैलिबर 303 राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। डीआरजी का एक जवान घायल हुआ है और खतरे से बाहर है।

इससे पहले शुक्रवार देर रात मुख्यमंत्री साय ने रायपुर में इसे लेकर हाई लेवल मीटिंग भी ली। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी। करीब 6 महीने पहले कांकेर में 29 नक्सली मारे गए थे। इस साल अब तक 188 माओवादियों को मार गिराया गया है।

यह मुठभेड़ दंतेवाड़ा-नारायणपुर जिले के बॉर्डर पर हुई। ओरछा थाना इलाके के नेंदुर और थुलथुली गांव के बीच जंगल में 2 घंटे फायरिंग हुई। फायरिंग रुकने के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जवानों ने शव के साथ AK-47, एसएलआर जैसे हथियार बरामद किए हैं। महिला नक्सली कमांडर नीती के भी इस मुठभेड़ में मारे जाने की खबर है। ये DVCM कैडर की थी जिस पर करीब 8 से 10 लाख रुपए का इनाम था।

Related Articles

Back to top button