छत्तीसगढ़ को कर हस्तांतरण के तहत मिले 6070 करोड़, CM साय ने जताया आभार

रायपुर, छत्तीसगढ़ को भारत सरकार की ओर से कर हस्तांतरण के तहत 6070 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि त्योहारों के अवसर पर भारत सरकार की यह वित्तीय सहायता प्रदेश के लोगों के लिए एक विशेष उपहार है। उन्होंने इस राशि को राज्य की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में सहायक बताया, जिससे विकास योजनाओं को गति मिलेगी और जनकल्याणकारी कार्यों में तेजी आएगी।
श्री साय ने यह भी कहा कि “डबल इंजन की सरकार” के प्रयासों से छत्तीसगढ़ लगातार विकास के नए आयाम छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के मिलकर किए गए कार्यों से प्रदेश की प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित हो रही है।
भारत सरकार द्वारा दी गई यह राशि छत्तीसगढ़ के विभिन्न विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।



