छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 41 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान ह्लपूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवनह्व के तहत बुधवार को 41 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण किया है। इन पर एक करोड़ 19 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वालों में 12 महिला और 29 पुरुष कैडर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्यधारा में लौटे 41 नक्सली कैडरों में पीएलजीए बटालियन-1 और विभिन्न कंपनियों के 5 सदस्य, एसीएम कैडर के-3, प्लाटून व एरिया कमेटी सदस्य 11, पीएलजीए सदस्य 2, मिलिशिया प्लाटून कमांडर 4, मिलिशिया डिप्टी कमांडर 1, मिलिशिया सदस्य 6, जनताना सरकार, डीएकेएमएस, केएएमएस के अध्यक्ष/उपाध्यक्ष/सदस्य 9 सदस्य शामिल हैं।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति माओवादियों को आकर्षित कर रही है। आत्मसमर्पण करने वालों के परिजन भी चाहते हैं कि वे सामान्य जीवन जियें और समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर चलें। उन्होंने कहा कि माओवादी भ्रामक और हिंसक विचारधाराओं को त्यागकर निर्भय होकर समाज की मुख्यधारा में लौटें। शासन की पूना मारगेम नीति उनके भविष्य को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्वावलंबी बनाने के लिए हर संभव सुविधा प्रदान कर रही है।



