बूथों को मजबूत करने BJP प्रदेश, जिला और मंडल की टोली जाएगी 27 तक हर बूथ में

रायपुर. प्रदेश भाजपा द्वारा राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर प्रदेश भर में बूथ सशक्तिकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। इसमें विस्तारक हर बूथ तक जाएंगे और बूथों को मजबूत करने का काम होगा। विस्तारकों में छोटे ले लेकर बड़े नेताओं को भी शामिल किया गया है। विधानसभा सत्र के बाद विधायक भी बूथों तक जाएंगे। इसी के साथ सांसद भी बूथों में जाएंगे।
भाजपा ने शुरू से ही बूथों की मजबूती हेतु कार्य किया है इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने मिले हैं। इस अपने राज्य में भी विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसके बाद अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं। इसको देखते हुए भाजपा बूथों की मजबूती पर जोर दे रही है। पूरे प्रदेश में विभिन्न बिंदुओं के आधार पर बूथ सशक्तिकरण अभियान तय किया गया है। इसकी पहली कड़ी के रूप में सभी विधानसभाओं में प्रशिक्षण का कार्यक्रम चला और बूथों तक जाने का कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। प्रत्येक शक्ति केंद्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रदेश टोली, जिला टोली और मंडल टोली बनाकर शक्ति केंद्रों तक पहुंचना है एवं उसके पश्चात बूथों तक भी जाना है।
बूथों के लिए बिंदुवार कार्यक्रम तय
बूथ सशक्तिकरण हेतु बिंदुवार कार्यक्रम तय किए गए हैं। इसमें बूथ समितियों का गठन, सत्यापन और कार्य विभाजन, पन्ना प्रमुख की नियुक्ति, बूथों पर वाट्सएप ग्रुप का निर्माण, मन की बात कार्यक्रम में उपस्थिति और जानकारी की व्यवस्था एवं बूथ समितियों और पेज प्रमुखों की सरल एप में पूर्ण डाटा एंट्री करना अहम है। 17 से 27 मार्च तक 10 दिनों में प्रत्येक दायित्ववान कार्यकर्ताओं को एक-एक शक्ति केंद्र में पूर्ण समय देना तय है। पहले दिन राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण प्रत्येक शक्ति केन्द्र में पढ़ा गया।



