खास चुनावी खबरः भाजपा का हाेगा अब विजय संकल्प यात्रा में शक्ति प्रदर्शन, आएंगे, मोदी, शाह और नड्डा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जैसे-जैसे विधानसभा के चुनाव करीब आ रहे हैं राजनीतिक पार्टियां ज्यादा से ज्यादा सक्रिय हाे रही हैं। भाजपा अब मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने के साथ ही कार्यकर्ताओं में जीत का अलख जगाने के लिए इस माह दो विजय संकल्प यात्राएं निकलेगी।इन यात्राओं के बहाने भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन हाेगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को बुलाया जा रहा है।
यात्रा का पूरा खाका तैयार हाे गया है। एक यात्रा 12 सितंबर को दंतेवाड़ा से निकलेगी, इसका प्रारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसी तरह से दूसरी यात्रा 16 सितंबर को जशपुर से निकलेगी, इसमें भाजपा के राष्ट्रीयअध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हाेंगे। दोनों यात्राओं का 28 सितंबर को बिलासपुर में समापन होगा। समापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे और बड़ी सभा भी करेंगे।
भाजपा चाहती है सत्ता में वापसी
छत्तीसगढ़ में हाेने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत प्राप्त करके हर हाल में सत्ता में वापस आना चाहती है। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर कई तरह की रणनीति पर काम हो रहा है। छत्तीसगढ़ में चुनाव की कमान श्री शाह ने अपने हाथ में लेकर रखी है। अब भाजपा ने विजय संकल्प यात्रा निकालने का फैसला किया है। इस यात्रा को लेकर लंबे समय से तैयारी चल रही है। अब जाकर इसकाे अंतिम रूप देने का काम किया गया है।
यात्रा की पूरा खाका तैयार
एक दिन पहले ठाकरे परिसर में जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और विस्तारकों की बैठक आयोजित की गई। इसमें संभाग बार बैठक ली गई। बस्तर संभाग अरुण साव, रायपुर संभाग अजय जामवाल, बिलासपुर सरगुजा संभाग नितिन नवीन, दुर्ग संभाग की बैठक पवन साय ने ली। इस बैठक में जहां मिशन 2023 को लेकर सबको निर्देश दिए गए, वहीं विजय संकल्प यात्रा को लेकर चर्चा की गई और सबको इसकी जानकारी दी गई। इसमें यात्रा की पूरी रूपरेखा बनाकर यात्रा का रूट भी तट किया गया। यात्रा में प्रदेश के सभी दिग्गज नेता शामिल होंगे। इसी के साथ बीच-बीच में भी राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को बुलाया जाएगा। प्रदेश के नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल के साथ ही सभी सांसद, विधायक और सभी नेता शामिल होंगे।
सभी विधानसभाओं ले गुजरेगी यात्रा
यात्रा में ज्यादातर विधानसभाओं को शामिल करने का प्रयास रहेगा। यात्रा जहां से भी गुजरेगी, वहां पर हर गांव और हर शहर में प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी को बताने का प्रयास होगा। भाजपा नेताओं का कहना है, प्रदेश की सरकार ने जनता को ठगने का काम किया है। अपना किया गया कोई भी वादा पूरा नहीं किया है। इसी के साथ केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में 15 साल रही भाजपा की सरकार में जिस तरह से विकास हुआ था उसके बारे में भी जनता को बताया जाएगा। यात्रा में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए विजय संकल्प लिया जाएगा।



