खास खबर: मुर्मू के राष्ट्रपति बनते ही भाजपा नेता जाएंगे सभी नगरीय निकायों, सरकार दफ्तरों में फोटो लगाने - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

खास खबर: मुर्मू के राष्ट्रपति बनते ही भाजपा नेता जाएंगे सभी नगरीय निकायों, सरकार दफ्तरों में फोटो लगाने

रायपुर(realtimes) एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपती मुर्मू की भाजपा जीत तय मानकर चल रही है। यही वजह है कि उनके शपथ ग्रहण के दिन ही प्रदेश में आदिवासी समाज के साथ मिलकर भाजपा बड़ा उत्सव मनाने की अभी से तैयारी कर रही है। इसमें खास बात यह है कि भाजपा ने तय किया है कि सभी 11 हजार से ज्यादा ग्राम पंचायतों के साथ सभी नगरीय निकायों और सरकारी दफ्तरों में राष्ट्रपति की अधिकृत जारी की गई फोटो ले जाकर वहां लगाने का आग्रह करेंगे।

राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को मतदान होगा। इसके बाद मतगणना 22 जुलाई को होगी। शपथ ग्रहण 24 जुलाई को होगा। शपथ ग्रहण के साथ ही राष्ट्रपति की अधिकृत फोटो जारी हो जाएगी। फोटो जारी होते ही यहां पर भाजपा ने ऐसी तैयारी की है कि हर ग्राम पंचायत से लेकर सभी ब्लाक, तहसील, जिलों के सरकार दफ्तरों तक राष्ट्रपति की फोटो लेकर आदिवासी समाज के साथ भाजपा से जुड़े नेता फोटो लेकर पहुंचेंगे और उनकी फोटो लगाने का आग्रह सभी स्थानों पर किया जाएगा।

मनेगा पूरे प्रदेश में उत्सव

इस योजना को पूरा करने के लिए भाजपा ने पूर्व मंत्रियों रामविचार नेताम और केदार कश्यप को बड़ी जिम्मदारी दी है। ये नेता अनुसूचित जन जाति मोर्चा के साथ मिलकर आयोजन के लिए अभी से जुट गए हैं। केदार कश्यप का कहना है कि आदिवासी समाज के लिए यह बड़े गर्व की बात ही है देश के सर्वोच्च पद पर एक आदिवासी महिला को बैठने का मौका मिलने वाला है। ऐसे में समाज ने इसको उत्सव के रूप में मनाने का फैसला किया है। इसकी जानकारी अपनी पार्टी को देकर इसके लिए मंजूरी ली गई है। इस उत्सव में न सिर्फ आदिवासी समाज से जुड़े लोग बल्कि पूरी पार्टी और पूरे प्रदेश के लोग शामिल होंगे। इस उत्सव में ही उन स्थानों पर राष्ट्रपति की फोटो लगाने का फैसला किया गया है, जहां पर राष्ट्रपति की फोटो लगाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति की फोटो लगाने का काम राज्य सरकार का रहता है, यह बात ठीक है, लेकिन हम लोग तो उनकी फोटो ले जाकर लगाने का आग्रह करेंगे।

Related Articles

Back to top button