खास खबर: दो साल में दिए एक लाख कनेक्शन, फिर भी अभी 60 हजार कृषि पंपों के आवेदन पेंडिंग - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

खास खबर: दो साल में दिए एक लाख कनेक्शन, फिर भी अभी 60 हजार कृषि पंपों के आवेदन पेंडिंग

रायपुर. प्रदेश में नए कृषि पंप के 60 हजार आवेदन पेंडिंग हो गए हैं। इस समय सबसे ज्यादा दस हजार आवेदन राजनांदगांव के पेंडिंग हैं। जहां तक सबसे कम आवेदनों की बात है तो सुकमा में एक ही आवेदन पेंडिंग है, हालांकि यहां पर ज्यादा कृषि पंपों की दरकार नहीं रहती है। पेंडिंग आवेदनों में से एक साल में महज 15 से 20 हजार को ही कनेक्शन मिल पाएंगे, बाकी किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ेगा। दो साल में प्रदेश सरकार ने रिकार्ड करीब एक लाख नए कनेक्शन दिए हैं।प्रदेश के किसानों के लिए पिछले साल से पहले तक कृषि पंप कनेक्शन दूर की कौड़ी थे, लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस राह को पिछले साल आसान कर दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर प्रदेश में कृषि पंपों के पेंडिंग आवेदनों का निपटारा करने में जब कंपनी जुटी तो पहली बार साल भर में 2021-22 में ही रिकॉर्ड 65743 किसानों को कनेक्शन दिए गए। इसके बाद 22-23 के सत्र में नवंबर 2022 तक 32256 कनेक्शन दिए गए है। यह आंकड़ा सत्र समाप्त होते-होते 40 हजार तक जा सकता है। इसके बाद से अब तक लगातार कनेक्शन दिए जा रहे हैं। दो साल में एक लाख से ज्यादा कनेक्शन दे दिए गए हैं।
कहां कितने पेंडिंग आवेदन
दो साल में इतने ज्यादा कनेक्शन देने के बाद भी इस समय करीब 60 हजार कनेक्शन पेंडिंग हैं। इसमें 2020-21 के 3764 कनेक्शन, 2021-22 के 37384 और चल रहे सत्र 2022-23 के 17484 आवेदन पेंडिंग हैं। सबसे ज्यादा आवेदन राजनांदगांव के दो सालों के 6636 ऐर 3127 हैं। इसी तरह से अन्य स्थानों के ज्यादा पेंडिंग आवेदनों में बेमेतरा के 5197, कबीरधाम के 3394, कांकेर के 4667, बलौदाबाजार के 3501, गरियाबंद के 2200, महासमुंद के 4127, कोंडागांव के 3894, बिलासपुर के 2194,धमतरी के 1858 आवेदन पेंडिंग हैं। इसी के साथ जहां पर सबसे कम आवेदन पेंडिंग है, उनमें नारायणपुर में 10, कोरिया में 13, बीजापुर में 11, दंतेवाड़ा में 16, कोरबा में 60, जशपुर नगर में 77 आवेदन पेंडिंग हैं।

Related Articles

Back to top button