खास खबर: चुनावी साल में फिर माेदी काे आई छत्तीसगढ़ की याद

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के शासनकाल में अब तक एक बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ का दौरा नहीं हुआ है, लेकिन अब चुनावी साल में उनको जरूर छत्तीसगढ़ की याद आ गई है। तभी ताे उनका अगले माह छत्तीसगढ़ का दौरा होने वाला है। देश भर में केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर 51 रैलियां होंगी, इनमें से एक छत्तीसगढ़ में हाेगी।
प्रधानमंत्री बनने के बाद 9 साल में उनका 9 बार छत्तीसगढ़ आना हुआ है। लोकसभा चुनाव के समय 16 अप्रैल 2019 के बाद उनका एक बार भी छत्तीसगढ़ आना नहीं हुआ है। अब जबकि विधानसभा चुनाव होने हैं, तब उनकी एक रैली की तैयारी प्रदेश संगठन कर रहा है। हालांकि अब तक इसकी तिथि और उनका आना फाइनल नहीं हो सका है। मप्र, राजस्थान के साथ इस साल छत्तीसगढ़ में भी चुनाव होने हैं। जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, उन राज्यों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लगातार दौरा हो रहा है, लेकिन इसमें छत्तीसगढ़ शामिल नहीं है। मप्र और राजस्थान में प्रधानमंत्री कई बार जा चुके हैं, लेकिन जहां तक छत्तीसगढ़ का सवाल है तो यहां का दौरा बनता है, लेकिन फाइनल ही नहीं हो पाता है।
पहली बार आए थे दंतेवाड़ा
प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री मोदी अब तक 9 बार छत्तीसगढ़ आए हैं। प्रधानमंत्री पहली बार 9 मई 2015 को छत्तीसगढ़ के दौरे में दंतेवाड़ा आए थे, जहां उनकी उपस्थिति में 24 हजार करोड़ रुपए की रेल मार्ग परियोजना और लौह अयस्क प्रसंस्करण संयंत्रों की परियोजनाओं के लिए एमओयू हुआ था। श्री मोदी ने दंतेवाड़ा के पास ग्राम जावंगा स्थित एजुकेशन सिटी का भी दौरा किया था।
पहली बार सात साल पहले आए थे रायपुर
श्री मोदी सात साल पहले रायपुर आए थे। 21 फरवरी 2016 को नया रायपुर और ग्राम कुरूभाट (विकासखंड-डोंगरगढ़), जिला राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। नया रायपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार मकानों की बड़ी परियोजना और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का शिलान्यास किया था। श्री मोदी ने राजनांदगांव जिले के कार्यक्रम में देश के गांवों को शहरों जैसी बुनियादी सुविधाएं देने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में रूर्बन मिशन का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ किया था। इसी साल श्री मोदी तीसरी बार एक नवंबर 2016 को रायपुर आए थे। उन्होंने नया रायपुर में राज्योत्सव का शुभारंभ किया था।
2018 में भी आए रायपुर
श्री मोदी छत्तीसगढ़ 2018 में विधानसभा के चुनाव साल में तीन बार छत्तीसगढ़ आए। आंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल 2018 को श्री मोदी बीजापुर जिले के ग्राम जांगला आए थे और वहां उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पूरे देश के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की योजना तथा राष्ट्रव्यापी ग्राम स्वराज अभियान का शुभारंभ किया था। इसके बाद श्री मोदी ने 14 जून 2018 को नया रायपुर और भिलाई नगर का दौरा किया था। श्री मोदी ने नया रायपुर में नागरिक सेवाओं की ऑनलाइन निगरानी और उनके सुव्यवस्थित संचालन के लिए एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केन्द्र का शुभारंभ किया था और भिलाई नगर में आयोजित प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के समापन कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। श्री मोदी इस साल तीसरी बार 28 सितंबर काे जांजगीर चांपा के दौरे पर आए।
2019 में तीन बार आए चुनावी सभाएं लेने
2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में तीन बार छत्तीसगढ़ का दौरा किया और यहां पर चुनावी सभाएं करके भाजपा को जीत दिलवाने का अहम काम किया। सबसे पहले 8 फरवरी को श्री मोदी की रायगढ़ में सभा हुई। इसके बाद 6 अप्रैल को बालोद जिले के हथौद गांव में श्री मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित किया। कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव सहित आस-पास के संसदीय क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने का काम किया। श्री मोदी का अंतिम बार छत्तीसगढ़ का दौरा 16 अप्रैल 2019 को हुआ। इस दौरे में उन्होंने कोरबा के साथ ही भाटापारा में चुनावी सभा ली।



