
रायपुर. राजधानी रायपुर में रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के ऑटो एक्सपो में पहली बार रिकाॅर्डतोड़ वाहन बिके। 26 दिनों के लंबे आयोजन में हजार करोड़ के 11 हजार वाहन बिके। वाहनों में प्रदेश सरकार द्वारा रोड टैक्स में दी गई 50 फीसदी छूट के कारण लोग वाहन खरीदने उमड़े। रोड टैक्स के रूप में ग्राहकों को 28 करोड़ की छूट मिली। पिछले आयोजन से इस बार दो सौ फीसदी कारें ज्यादा बिकीं। इसी के साथ दूसरे वाहनों की बिक्री भी ज्यादा हुई।
ऑटो एक्सपो का आयोजन पांच साल बाद 24 मार्च से लेकर 18 अप्रैल तक किया गया। इस बार इसका आयोजन तीन चरणों में हुआ। सबसे पहले 24 से 29 मार्च तक आयोजन हुआ। इस बार रोड टैक्स में 50 फीसदी छूट दी गई थी। इसको लेकर कुछ लोग कोर्ट गए तो पहले रोड टैक्स की छूट पर स्टे हो गया। इसके बाद में जब इसकी याचिका खारिज हो गई तो फिर से इसका आयोजन हुआ। जहां पांच अप्रैल को वाहन बिके, वहीं 11 से 18 अप्रैल तक भी वाहन बेचे गए।
7230 वाहनों को मिली रोड में छूट
रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक गर्ग के मुताबिक ऑटो एक्सपो में तीन चरणों में बिके वाहनों में छूट और बिना छूट वाले वाहनों को मिलाकर कुल 11364 वाहन बिके। इसके पहले 2018 में लगाए गए पहले ऑटो एक्सपो में 7354 वाहन बिके थे। इस बार 3860 कारें बिकीं, जो पिछली बार से दो सौ फीसदी ज्यादा हैं। पिछली बार महज 1340 कारें बिकीं थीं। इस बार 5360 बाइक बिकीं, जबकि पिछली बार 4476 बाइक बिकी थी। बाइक में करीब 20 फीसदी का ही इजाफा हुआ। 1040 कमर्शियल वाहन बिके जो पिछली बार से सौ फीसदी ज्यादा है। पिछली बार 518 वाहन बिके थे। जिन वाहनों को टैक्स में छूट मिली, उनकी संख्या 7230 है और इसकी कीमत 682 करोड़ है। इन वाहनों को ही 28 करोड़ की टैक्स में छूट मिली है। वाहनों में ई-कारें और ई-बाइक भी शामिल है। इसको वैसे ही रोड टैक्स देना नहीं पड़ता है।



